रायपुर। शराब घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पूर्व मंत्री कवासी लखमा जेल से रिहा हो गए हैं। बुधवार को वह जेल से बाहर आए। उन्हें लेने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे। जेल से रिहा होते ही कवासी लखमा ने डेप्युटी सीएम अरुण साव की तारीफ की। कवासी लखमा ने कहा उन्होंने मेरे समर्थन में बात कही इसके लिए मैं आभारी हूं।
कवासी लखमा ने कहा कि जेल में रहते हुए मैंने अखबार और टीवी के माध्यम से देखा कि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मेरे समर्थन में बयान दिया है। वह हाईकोर्ट का वकील रह चुका है वह कानून को जानता है। लखमा ने कहा कि टीवी और अखबारों में खुले तौर पर मेरे समर्थन में बयान दिया। इसके लिए मैं अरुण साव का दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं जब तक रहूंगा, बस्तर के जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ता रहूंगा।

क्या कहा था अरुण साव ने
दरअसल, शराब घोटाले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को जमानत मिली थी। इस मामले में टिप्पणी करते हुए डेप्युटी सीएम अरुण साव ने कहा था कि बेटे को बेल मिल गई और जो आदिवासी नेता निर्दोष हो उसके साथ कांग्रेस ने जो अन्याय किया है उसे प्रदेश की जनता देख रही है।

जेल के बाहर बड़ी संख्या में पहुचे समर्थक
जेल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने कवासी लखमा का स्वागत किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए थे। जेल से रिहाई के बाद विधायक कवासी लखमा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। वहीं, मीडिया से चर्चा करते हुए कवासी लखमा ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह आदिवासियों, किसानों एवं गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। क्योंकि वह ‘जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए कटिबद्ध है।

 

Categorized in: