अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत गहुंआ भादा जंगल में 14 वर्षीय बालक का शव मिला। शरीर में मिले चोटों के निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है। मृतक के हलाल होने और शव जंगल में पड़े रहने की सूचना मृतक के ही मोबाइल फोन से उसके मामा को मिली थी, बाद स्वजन बालक के खोजबीन में जुटे और उसका लहूलुहान शव बरामद किया।
थाना क्षेत्र के ग्राम महोरा मंगलू राम ने पुलिस को बताया है कि 11 फरवरी की शाम को 04 बजे सूपा मोरा बेचने के लिए बकिरमा बाजार निकला था। शाम को करीब 5.15 बजे उसके बड़े पुत्र लालसाय (14) के मोबाइल से उसके साला मंगल साय के मोबाइल नंबर पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके बताया कि लालसाय हलाल हो गया है और वह गहुंआ भादा जंगल में पड़ा है। मंगल साय इसकी जानकारी मृतक के पिता को दिया, लेकिन बाजार में रहने के कारण वह कुछ समझ नहीं पाया। वापस गांव आने पर जब लड़के के हलाल होने संबंधी जानकारी मिली तो वह परिजनों और गांव के लोगों के साथ गहुंआ भादा जंगल जाकर लालसाय की खोजबीन किया, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। अंधेरा होने के कारण सभी वापस घर आ गए। दूसरे दिन 12 फरवरी को सुबह गांव से 20-25 लोगों के साथ जब वे गहुंआ भादा जंगल में खोजबीन किए तो लालसाय का शव जंगल में पुल के पास भादा की ओर जाने वाले पगडंडी रास्ता के किनारे पेट के बल पड़ा हुआ था। लड़के के गला में चोंट का निशान था और खून सिर के पास से थोडी दूर तक बहकर सूख गया था। जांच, विवेचना कार्रवाई के दौरान मृतक के पिता ने पुलिस को बताया है कि उसका किसी से विवाद नहीं है, जमीन बंटवारा को लेकर विवाद बड़े भाई से चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस हत्या का मामला दर्ज करके अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई है।

Categorized in: