अंबिकापुर। कोतवाली व गांधीनगर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक युवती व एक महिला के खाते से 97 हजार 693 रुपये आहरण कर लिया। युवती का एटीएम कार्ड बदलकर 57,693 रुपये व महिला का कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये आहरण किया गया है। दोनों ने गांधीनगर व कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार शीतल दास बतौली की रहने वाली है। वह अपनी मां के साथ अंबिकापुर के गंगापुर मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। इसकी मां का बतौली में एसबीआई बैंक का खाता है। शीतल 10 सितंबर की शाम 5.30 बजे लाइफलाइन अस्पताल के सामने रिंग रोड में महाराष्ट्र बैंक के एटीएम में रुपये निकालने गई थी। वह पहले पांच हजार रुपये निकाली, इसके बाद और रुपये निकाल रही थी। तभी बाहर खड़ा एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और युवती को कहा कि रिसीव नंबर डालना पड़ेगा, तभी पैसा निकल पाएगा। इसके बाद वह युवती के हाथ से उसका एटीएम कार्ड ले लिया और मशीन में डालकर ऑपरेट करने लगा। इसके बाद स्क्रीन में कई जानकारी दिखने लगी। युवती कुछ समझ पाती तभी युवक एटीएम कार्ड बदलकर उसे दूसरा कार्ड दे दिया। युवती जब घर पहुंची तो मैसेज के माध्यम से पता चला कि किस्त में 57 हजार 693 रुपये खाता से आहरण कर लिया गया है। युवती ने इसकी रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

महिला का एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपए का आहरण –

  गांधी चौक में स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने पहुंची एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर अज्ञात व्यक्ति ने 40 हजार रुपये आहरण कर लिया। रूपामनी बड़ा सीतापुर की रहने वाली है। वह अंबिकापुर के भगवानपुर में किराए में रहकर घरेलू काम करती है। 10 सितंबर की शाम 4 बजे गांधी चौक स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने गई थी, तभी अज्ञात व्यक्ति आया और रुपये निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड डाला। कार्ड काम नहीं करने पर पास में खड़ी महिला को कहा कि आप अपना एटीएम कार्ड डालकर देखिए। महिला रुपये निकालने के लिए अपना कार्ड डाली, तभी प्रोसेसिंग के नाम पर भटकाकर महिला का कार्ड बदल लिया और उसे दूसरा कार्ड दे दिया। महिला जब घर पहुंची तो मोबाइल पर 40 हजार रुपये आहरण का संदेश देखकर उसके होश उड़ गए। जब वह एटीएम कार्ड देखी तो बदला हुआ था। इसकी रिपोर्ट वह कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: