रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक जंगली हाथी के हमले में दो महिलाओं की मौत हो गयी। एक वन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को धरमजयगढ़ वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भदरनपुर गांव में हुई। उन्होंने बताया कि महिलाएं गर्मी के कारण अपने घरों के बाहर सो रही थीं, उसी दौरान यह घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि हाथी ने सबसे पहले घसिया राम यादव (35) और उसकी पत्नी सुशीला (30) पर हमला किया। जिसमें सुशीला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घसिया राम घायल हो गया। जिसे बाद में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो महिलाओं पर किया हमला
अधिकारी ने बताया कि इसी हाथी का उत्पात एक जोड़े को हमला करने तक नहीं रुका। उसने बाद में गांव में एक और महिला सुनीता लोहरा (45) पर हमला किया जिससे सुनीता की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि हाथी ने महिला को बुरी तरह कुचल दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद वनकर्मी गांव में पहुंचे और रविवार सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिवार को दी गई आर्थिक मदद
वन विभाग के अधिकारियों ने मृतक परिवार के सदस्यों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल राहत प्रदान की है। जबकि शेष 5.75 लाख रुपये का मुआवजा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह हाथी लैलूंगा वन क्षेत्र में घूम रहे 21 हाथियों के झुंड का हिस्सा था।

Categorized in: