लखनपुर। थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 में रजपुरीकला के पास शनिवार की शाम लगभग 6 बजे सड़क के किनारे खड़ी ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीडी 1281 में स्कूटी सवार पीछे से घुस गए। इनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिस कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जिला सहकारी बैंक के पूर्व मैनेजर कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ पप्पू वॉर्ड क्रमांक 13, निवासी बेलदगी रोड और असगर अंसारी वॉर्ड क्रमांक 05 निवासी के रूप में हुई है। नगर में जैसे ही दोनों के सड़क दुर्घटना में मौत की खबर मिली, मातम पसर गया। लगातार बेतरतीब खड़ी रहने वाली भारी वाहनों के कारण ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। यातायात नियमों का पालन ट्रक चालकों के द्वारा नहीं किया जा रहा है। कई वाहनों विशेषकर डंफर में पीछे की ओर रेडियम नहीं लगा रहता है, जिससे अंधेरे में खड़ी वाहनों का पता नहीं चल पाता है। आरटीओ में सिर्फ वसूली का खेल चलने से हादसे हो रहे हैं। बहरहाल घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: