इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार पर ऐसा दुख टूटा, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे परिवार की तीन सगी बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बच्चियों ने इंदौर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी बेटी की हालत बहनों के शव लेकर रायपुर लौटते समय रास्ते में बिगड़ी और इटारसी के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

खाना खाने के बाद दो बच्चियों की बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, बेटमा में परिवार के खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक खराब हो गई। दोनों को उपचार के लिए इंदौर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दोनों बेटियों की मौत के बाद परिवार उनके शवों को एम्बुलेंस से रायपुर लेकर लौट रहा था।

रास्ते में तीसरी बेटी की हालत बिगड़ी

इंदौर से रायपुर लौटते समय इटारसी के पास परिवार की तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का उपचार शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद आशी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार की तीन सगी बहनों की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक स्तर पर बच्चियों की तबीयत बिगड़ने के पीछे उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से होने के कारण इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग दर्ज कर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की है। आगे की जांच के लिए केस डायरी संबंधित बेटमा थाने भेजी जाएगी।

पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य

पुलिस ने तीनों बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तीनों मासूम बहनों की मौत के पीछे आखिर कौन सी वजह जिम्मेदार थी।