बैकुंठपुर। कोरिया जिला अंतर्गत आने वाले गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में बाघ देखा गया। जिसकी पुष्टि पार्क संचालक ने भी की है। बुधवार को पिकनिक मनाकर लौटते समय लोगों को रामगढ़ के जंगल से अचानक रोड तरफ आता एक बाघ नजर आया। गाड़ी में सवार लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। मामले में नेशनल पार्क के डायरेक्टर आर. रामाकृष्णा वाई ने पुष्टि करते हुए कहा कि पर्यटकों को बाघ नजर आया है। विभागीय अमले को एलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को कोरिया जिले में स्थित गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में बाघ देखा गया। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे रामगढ़ अपने परिवार के साथ घूमने गए बैकुंठपुर के व्यवसायी प्रशांत जायसवाल अपने परिवार के साथ पार्क परिक्षेत्र घूमने गए हुए थे। जहाँ पूरे परिवार ने बाघ को देखा। सबसे पहले प्रशांत जायसवाल की पत्नी मोनिका जायसवाल ने बाघ को देखा। उसके बाद वाहन के अंदर से परिवार के लोगों ने उसका वीडियो बनाया। यह पहला मौका है जब किसी को दिन के समय बाघ दिखा। पूर्व में दो साल पहले रात्रि में प्रशासनिक अधिकारियों ने बाघ देखा था। नेशनल पार्क कोरिया जिले के उत्तर में स्थित है। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से इसकी दूरी लगभग 30 किमी है।

गौरतलब है कि गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में 6 बाघ हैं। साथ ही हजारों की संख्या में अनेक वन्य जीव भी मौजूद हैं। राज्य सरकार ने इसे टाइगर रिजर्व घोषित करने की तैयारी की है। एनटीसीए ने सभी पहलुओं को देख अनुमति प्रदान कर दी है। एनटीसीए की अनुमति के बाद एक वर्ष बीत चुका है। परंतु राज्य सरकार के द्वारा टाइगर रिजर्व की अधिसूचना जारी नहीं हो सकी है। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय इसे संजय गांधी नेशनल पार्क के नाम से जाना जाता था। सन 2000 में  छत्तीसगढ़ बनने के बाद इसका आधा भाग मध्यप्रदेश चला गया। और आधा भाग छत्तीसगढ़ के हिस्से आया जिसे अब गुरुघासी दास राष्ट्रीय उद्यान के रूप में जाना जाता है।

Categorized in: