अंबिकापुर। तीन अलग-अलग सड़क में हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिला के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र की मझली नगेसिया पति बोटर राम नगेसिया 68 वर्ष, 15 फरवरी को अपने पुराने घर से नए घर की ओर जा रही थी। घर के पास ही सड़क पर पीछे से आ रहे इनोवा वाहन क्रमांक सीजी 15 ईसी 2775 के चालक कुतुब अंसारी ने महिला को ठोकर मार दिया, जिसमें उसे सिर, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आई थी। दुर्घटनाकारित वाहन से ही महिला को स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान 16 फरवरी को महिला की मौत हो गई।

दूसरी घटना में बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के त्रिकुंडा थाना अंतर्गत ग्राम नवाडीह निवासी उमेश चरगट पिता मैनेजर चरगट 34 वर्ष की मोटरसायकल की ठोकर से अस्पतालों का चक्कर लगाते मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुनीता चरगट ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को दोपहर में करीब 12 बजे पूरे परिवार के सदस्य महावीरगंज में स्थित भगवान के श्री शिव के मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। यहां से पूजा-पाठ करने के बाद शाम करीब 7.30 बजे सभी पैदल घर आ रहे थे। विजयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बगरा में पीछे आ रहे अज्ञात मोटरसायकल के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उमेश को ठोकर मार दिया, और मौके से फरार हो गया। इन्हें निजी वाहन से बगरा अस्पताल पुन: उपचार के बाद रामानुजगंज, बलरामपुर जिला अस्पताल से होते मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में 16 फरवरी को अलसुबह 4.56 बजे जांच के बाद चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

एक अन्य घटना में सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना, खड़गवां चैकी अंतर्गत ग्राम बांसा निवासी चन्द्रिका पिता वकील अगरिया 20 वर्ष की मौत हो गई, साथी युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। 15 फरवरी को वह अपने दोस्त के साथ बाइक में महाशिवरात्रि के मौके पर मेला देखने जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलसिला आया था। वापस लौटते भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सकलपुर में इन्हें अज्ञात वाहन का चालक ठोकर मारकर भाग गया। संजीवनी 108 से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने चन्द्रिका को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

Categorized in: