चालक को मारपीट कर सड़क किनारे फेेंका और ट्रक लेकर फरार हो गए थे आरोपी

रामानुजगंज। ट्रक ड्रायवर के साथ मारपीट कर चावल लोड ट्रक को लूटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के सरहदी क्षेत्र गोदरमाना में लूट की घटना को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी रामानुजगंज निरीक्षक संतलाल आयाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की है।
मो. रियाज खान पिता कल्लू खान 38 वर्ष निवासी रायपुर लाखेनगर, थाना पुरानी बस्ती ने लिखित में पुलिस को अवगत कराया था कि उसके साला अब्दुल हयात के नाम से पंजीकृत ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनजे 0595 का चालक शिवकुमार साहू पूर्व में तीन माह काम किया था। कुछ दिन काम छोड़ने के बाद 09 सितंबर से गाड़ी चला रहा है। 22 सितंबर को वह धमतरी जिला के कुरूद महामाया राइस मिल से चावल लोड होकर हाजीपुर बिहार जाने के लिए निकला था। 23 सितंबर को रात 11 बजे के बाद वाहन मालिक का ट्रक चालक शिवकुमार साहू से कोई संपर्क नहीं हुआ। ट्रक का जीपीएस लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो रहा था। 25 सितंबर को 12 बजे दिन में वाहन मालिक के स्टॉफ कमल यादव के पास ट्रक चालक के भाई राजकुमार साहू का फोन आया। वह बताया कि 24 सितंबर की रात में अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रक चालक शिवकुमार, निवासी ग्राम पवई, जिला सिंगरौली के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट कर रामानुजगंज में सड़क के किनारे फेंक दिया, जहां वह बेहोश पड़ा है। पुलिस को ट्रक व लोड चावल की कीमत के साथ कुल 52 लाख रुपये के लूट की जानकारी दी गई थी। इस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गोदरमाना में एक ट्रक से बोरे में भरा सामान उतारा जा रहा है। पुलिस दबिश दी तो संतोष गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता, राजू गुप्ता दोनों निवासी जनेवा थाना भंडरिया मिले। पुलिस ने ट्रक का नंबर मिलान किया तो लूटी गई ट्रक थी। इन्हें थाना लाकर पूछताछ करने पर पता चला कि रामानुजगंज के वार्ड नंबर 01 निवासी राजू गुप्ता पिता दिलीप गुप्ता 44 वर्ष व अजय गुप्ता पिता रामवृक्ष गुप्ता 51 वर्ष वार्ड नं. 12 उनके पास आकर बोले कि एक ट्रक में हमारा माल है ट्रक का ब्रेक डाउन हो गया है, माल को कहीं दो-चार दिन के लिए रखवा दो, हम उसका भाड़ा दे देंगे। इनका विश्वास कर वह ट्रक को मनोज ठाकुर व साथी मोहन सोनी के साथ लाया, यहां राजू और अजय भी थे। जब माल उतारने लगे तो संतोष गुप्ता बोला कि बोरा में सहकारी विपणन संघ लिखा है यह तो सहकारी माल है, इतना सुनकर चारों भाग गए। नाम का पर्दाफास होने पर पुलिस ने इन्हें तलाश करते कन्हर नदी के पास पकड़ा। पूछताछ करने पर इन्होंने अपराध स्वीकार किया। इनकी निशानदेही पर गोदरमाना से लूटी गई ट्रक व 12 लाख का चावल पुलिस ने बरामद किया।

Categorized in: