युवक के गाल को आग से जलाया, पार्षद पुत्र सहित एक दर्जन के विरूद्ध केस दर्ज

अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए चाकू की नोक पर एक दर्जन युवकों ने पहले तो किराए के मकान में घुसकर दो युवकों पर जानलेवा हमला किया, बाद में जबरन घर से घसीटते हुए इन्हें झाड़ियों की ओर ले गए, और लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर सहित अन्य हथियार से मारपीट करते रहे। एक युवक के गाल को आग से जलाया। मारपीट के बाद इन्हें पार्षद के घर के पास ले गए। यहां पार्षद के पुत्र सहित अन्य ने पुन: मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। शिकायत पर मणिपुर थाना में 8 नामजद सहित अन्य लोगों के विरूद्ध केस दर्ज किया गया है। एक अन्य परिवार ने भी आरोपियों के विरूद्ध मणिपुर थाने में पृथक से रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी समीर मुण्डा को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपी फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक राहुल सोनवानी पिता पन्नेलाल सोनवानी 22 वर्ष, मंगल पाण्डेय खटिकपारा का रहने वाला है, जो वर्तमान में अम्बेडकर वार्ड दर्रीपारा में विकास साहू के यहां किराए के मकान में शुभम रवि के साथ रहकर पढ़ाई करता है। 15 दिसम्बर को रात्रि करीब 9.30 बजे वह अपने किराए के मकान में था, उसी समय उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, अखिल सोनी, समीर मुण्डा, रौनक मुखर्जी सहित अन्य 3-4 व्यक्ति पहुंचे और किराए के कमरे में अंदर घुसकर जातिगत शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। इनके द्वारा राहुल और शुभम को जान से मार-काटकर फेंक देने की धमकी दी गई। इसके बाद चाकू दिखाकर बलपूर्वक घर से खींचते हुए डॉ. अनुपम मिंज के घर के पास झाड़ियों में ले गए और हाथ-मुक्का, ईंट पत्थर, डण्डे व चाकू से मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मारपीट करते समय आरोपियों ने शुभम रवि का गाल आग से जला दिया। आरोपियों का इसके बाद भी मन नहीं भरा और उदय साहू गाली देते हुए दोनों को प्रकाश साहू के घर ले चलते हंै, वहीं न्यायालय है, फैसला भी वहीं करेंगे, कहते हुए ले गए। यहां प्रकाश साहू के लड़के विशाल साहू और राजा साहू मौजूद थे। आरोप है कि यहां पुन: उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट के बाद अमन मिश्रा से मिलने-जुलने पर मारकर फेंकवा देने की धमकी दी गई। मारपीट में राहुल और शुभम रवि को शरीर में जगह-जगह चोटें आई है।

इनके विरूद्ध अपराध दर्ज की पुलिस
रिपोर्टकर्ता ने पुलिस को बताया है कि आरोपी पूर्व में भी अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, और गैंग बनाकर गुंडागर्दी करते आ रहे हंै, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन रहा है। राहुल सोनवानी की रिपोर्ट पर मणिपुर पुलिस ने आरोपियों दर्रीपारा निवासी उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, अखिल सोनी, समीर मुंडा, रौनक मुखर्जी, विशाल साहू, राजा साहू सहित 3-4 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 191(2), 191(3), 190, 115(2), 118(1), 331(8), 127(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

घर में घुसकर ईंट-पत्थर से हमला, पूरा परिवार दहशत में
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास दर्रीपारा में रहने वाले कमलेश मिश्रा पिता स्व. त्यागेश्वरी मिश्रा 48 वर्ष ने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 15 दिसम्बर की रात को अपने घर में थे। रात को करीब 9.45 बजे उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, समीर मुण्डा, रौनक मुखर्जी, अखिल सोनी सहित अन्य 3-4 अन्य व्यक्ति अकारण घर के अंदर घुस गए और उनके पुत्र अमन मिश्रा को परिवार सहित जान से मारकर खत्म कर देने की धमकी देते हुए ईंट-पत्थर फेंकने लगे। उनके द्वारा शोर मचाने और इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को देने पर सभी मौके से भाग गए। घटना के पूर्व राजा साहू के द्वारा मोबाइल फोन से उनके पुत्र अमन मिश्रा को जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिससे उनका पूरा परिवार खतरे में है। यहां रहने वाले प्रतिष्ठित लोगों में भी भय का माहौल है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद है।कमलेश मिश्रा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 191(2), 296, 351(3), 352 का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: