मामले में दो आरोपी एवं चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ी गिरफ्तार…

बैकुंठपुर। कोरिया जिले में बीते दिनों कोर्ट परिसर और विभिन्न बैंकों से हुई एसी के कॉपर पाइप चोरी की वारदातों का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राजेश कुमार साहू के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली बैकुंठपुर, थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

18 एसी के कॉपर पाइप हुए थे चोरी

पुलिस के अनुसार 28 मई से 5 जून 2026 के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर, साकेत सदन चरचा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के बैकुंठपुर कार्यालय तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बैकुंठपुर शाखा से कुल 18 एसी में लगे कॉपर पाइप चोरी कर लिए गए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 92 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत के आधार पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 90/26 एवं 91/26 तथा सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 178/26 एवं 179/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

संदिग्ध की तलाश से खुला राज

घटना के बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। 5 जून की रात गश्त के दौरान पुलिस ने ओडगी डकईपारा निवासी देवेन्द्र कुमार रजक उर्फ दीपू को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। पूछताछ के लिए थाना बुलाए जाने पर उसने एक अपचारी बालक के साथ मिलकर जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर और साकेत सदन चरचा से एसी के कॉपर पाइप चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बैकुंठपुर शाखा में हुई कॉपर पाइप चोरी की वारदात उसने अकेले अंजाम दी थी।

चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी भी गिरफ्तार

जांच के दौरान चोरी के कॉपर पाइप खरीदने वाले नासिर खान और जय सिंह के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। वहीं ग्राम चेर निवासी मोहम्मद गफ्फार से भी एक एसी का कॉपर पाइप जब्त किया गया।

पुलिस ने अपचारी बालक सहित चोरी और चोरी का माल खरीदने वाले कुल पांच लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए चोरी गए 18 एसी के कॉपर पाइप, जिनकी कुल कीमत लगभग 92 हजार रुपये है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सोनहत पुलिस ने भी बरामद की छह चोरी की मोटरसाइकिलें

इधर एक अन्य कार्रवाई में थाना सोनहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी बृज कपूर निवासी ग्राम अंगवाही की निशानदेही पर ग्राम केशगवां के जंगल से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, थाना प्रभारी आनंद सोनी, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, साइबर सेल प्रभारी एवं थाना प्रभारी सोनहत विनोद पासवान सहित पुलिस और साइबर टीम के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Categorized in: