अंबिकापुर। बाइक नहीं देने पर शादी समारोह में ससुराल गए युवक से जमकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। मारपीट में जख्मी युवक का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लटोरी का रामलाल यादव 40 वर्ष के ससुराल ग्राम देवगढ़ में वैवाहिक आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी फुलमतिया के साथ गया था। शनिवार को ससुराल में मंडप का कार्यक्रम था, और वह बाहर ही बैठा था। इसी बीच गांव के विनोद, फल्लू सहित 4 लोग पहुंचे और उससे मोटरसायकल का चाबी मांगने लगे। जब वह मोटरसायकल का चाबी देने से इन्कार कर दिया तो चारों मिलकर नीलगिरी के डंडा से उसके साथ मारपीट करने लगे और जेब में रखा 700 रुपये भी लूट लिए। शोर सुनकर जब रामलाल के ससुराल घर से लोग बाहर निकलने लगे तो आरोपी युवक वहां से भाग गए। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई थी। इसकी सूचना डॉयल 112 में दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आहत रामलाल यादव को लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। यहां से रेफर करने पर युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में स्वजन ने भर्ती कराया है।

Categorized in: