रामानुजगंज। गढ़वा से पिकनिक मनाने आया युवक पलटन घाट में डूब गया था। चौथे दिन भी एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम के लगातार प्रयास के बाद भी युवक का शाम तक पता नहीं चल पाया है। रविवार की दोपहर युवक के डूबने के बाद से ही एनडीआरएफ की टीम शव को ढूंढने का प्रयास कर रही थी। तीन दिनों तक लगातार एसडीआरएफ की टीम के मेहनत के बाद भी शव का पता नहीं चलने पर जिला प्रशासन की पहल पर बुधवार की शाम एनडीआरएफ की टीम पुन: पहुंची, जिसके द्वारा शव को शाम से ही ढूंढने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। गौरतलब है कि झारखंड के गढ़वा सोनपुरवा निवासी उज्जवल प्रसाद यादव 20 वर्ष पलटन घाट में पिकनिक मनाने रविवार को अपने साथियों के साथ आया था। दोपहर 2 के करीब कन्हर नदी में नहाने के दौरान डूब गया। इसे ढूंढने के लिए शाम को ही एसडीआरएफ की टीम पहुंची, परंतु कुछ पता नहीं चला।
भीषण ठंड में देर शाम तक भिड़ी रही टीम
एनडीआरएफ की टीम बुधवार की देर शाम पहुंची और शव ढूंढने के कार्य में लग गई। भीषण ठंड में लाइट जलाकर रात्रि आठ बजे के करीब तक शव ढूंढने का प्रयास किया गया। बुधवार को सुबह से दिनभर शव ढूंढने का प्रयास जारी रहा।
35 फीट पानी और बालू का भराव
युवक उज्जवल कन्हर नदी में झारखंड के किनारे की ओर डूबा था, जिधर करीब 35 फीट पानी था। लगातार बालू आगे बढ़ रहा है, जिससे शव बालू में दब ने की संभावना बनी हुई है।
हजारों लोग पहुंच रहे घाट
पलटन घाट में सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में लोग एकत्रित होकर पल-पल युवक के बारे में कुछ पता चलने का इंतजार कर रहे हैं। स्वजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल है। युवक का पता नहीं चलने से इनकी बेचैनी बढ़ते जा रही है।

Categorized in: