रामानुजनगर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर के तहत जलाशयों के जीर्णोद्धार तथा नवीन जलाशयों के निर्माण से किसानों को न सिर्फ सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो रही है बल्कि सरोवरों से मछली पालन कर समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है। विकासखंड के ग्राम पंचायत पस्ता एवं ग्राम पंचायत सोनपुर में मनरेगा के तहत निर्मित अमृत सरोवर का लाभ ग्रामवासी ले रहे हैं। पस्ता एवं सोनपुर पंचायत में क्रमश: 7 व 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवर से 50 एकड़ भूमि सिंचित हो रहा है। खेतिहर किसान सरोवर से सिंचाई कर विभिन्न लाभकारी फसलों की खेती कर आर्थिक रूप से सबल हो रहे हैं। अमृत सरोवरों को महिला समूहों को मछली पालन के लिए हस्तांतरित किया गया है, जहां से समूह की महिलाएं मछली पालन कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। केंद्र सरकार के जल संरक्षण की दिशा में अमृत सरोवर योजना से जनपद पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में जलाशयों का पुनरोद्धार किया जा रहा है, जिससे न केवल पानी की समस्या से निजात मिल सके बल्कि सरोवरों के जरिए कृषकों को कृषि सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता के साथ समूहों के माध्यम से लोगों के जीविकोपार्जन का भी माध्यम बने।

Categorized in: