अंबिकापुर। किराएदारों के मकान को बाहर से बंद करके चोर इलेक्ट्रिक दुकान में घुसा और 45 किलो कॉपर वायर, बेयरिंग बोरी में भरकर ले गया। चोर की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के मुताबिक ब्रह्म रोड पंचशील गली में स्थित अभय भवन निवासी अभय केशरी पिता सिद्धनाथ प्रसाद केशरी का इंडियन इलेक्ट्रॉनिक दुकान है, जहां मोटर बाइंडिंग का काम होता है। पास ही मकान में अखिलेश गुप्ता और नरमुल हसन किराए में रहते हैं। दो फरवरी को सुबह करीब 8.30 बजे किराएदार उठकर घर से बाहर निकलने को हुए तो दरवाजा बाहर से बंद था। इसकी जानकारी वे मकान मालिक को दिए। सीसीटीव्ही चेक करने पर पता चला कि एक व्यक्ति देर रात इलेक्ट्रिक दुकान के पार्टीशन को पार करके दुकान के अंदर घुसा, और दो बोरियों में कॉपर का वाइंडिंग तार और बेयरिंग भरकर ले गया, जिसका वजन 45 किलो और कीमत 45 हजार रुपये बताया गया है। चोरी की घटना को अंजाम देने के पहले उक्त व्यक्ति किराएदारों के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 331 (4), 305 (ए) का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: