अंबिकापुर। शहर के गांधी चौक में दो अलग-अलग घटनाओं में बस व ट्रक की ठोकर से पिकअप और कार क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं रिंग रोड बौरीपारा में पिकअप के चालक ने रफ्तार में कार को ठोकर मार दिया, जिसमें कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना में किसी को चोटें नहीं आई है। एक अन्य घटना में कार की ठोकर से मोटरसायकल सवार अधिवक्ता जख्मी हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन चालकों के विरूद्ध केस दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
शहर के गांधी चौक व रिंग रोड में आए दिन वाहन चालकों की रफ्तार कहर बनकर कभी किसी राहगीर पर तो कभी किसी वाहन सवार पर टूट रही है। हादसों को रोकने के लिए तमाम कवायदों के बीच भारी वाहन कब किसके लिए काल बन जाएंगे, कहना मुश्किल रहता है। पिकअप के चालक तो साक्षात यमराज बनकर वाहनों को दौड़ाने में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हाल की घटनाओं को देखें तो बस का चालक तेज रफ्तार में एक पिकअप वाहन को ठोकर मार दिया। सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम लटोरी निवासी मुन्ना ठाकुर ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह अपनी पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 3941 से थोक किराना सामान पहुंचाने का काम करता है। 5 जुलाई को शाम 4 बजे के लगभग वह अपने पिकअप वाहन का सर्विसिंग कराने अंबिकापुर आया था। शंकरघाट के पास स्थित गैरेज में सर्विसिंग कराने के बाद रात करीब 12 बजे घर जाने के लिए रिंग रोड होते हुए आकाशवाणी चौक तरफ से पीजी कॉलेज के पास पहुंचा था। पिकअप में डीजल कम बताने पर वह रिलायंस पेट्रोल पंप खरसिया चौक डीजल डलवाने के लिए जा रहा था। रात करीब 12.50 बजे गांधी चौक के पास नए बस स्टैण्ड की ओर से आ रही बस क्रमांक यूपी 64 सीटी 3571 का चालक काफी तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर सामने से पिकअप को ठोकर मार दिया, जिसमें पिकअप के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में पिकअप का चालक बाल-बाल बच गया।
ट्रक की ठोकर से कार सवार बाल-बाल बचे
दूसरी घटना में गांधी चौक में ट्रक का चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को ठोकर मार दिया। पार्वती बिहार कटघोरा निवासी संतोष आनन्द तिवारी ने पुलिस को बताया है कि वे अपनी कार क्रमांक सीजी 12 बीक्यू 1789 से सिंगरौली घरेलु सामान लेने गए थे। कार में सामान लेकर गोविन्दा के साथ वापस कटघोरा जा रहे थे, इसी दौरान 6 जुलाई को रात करीब 9.30 बजे गांधी चौक में पीछे से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजे 5629 का चालक तेज गति में कार को पीछे से ठोकर मार दिया। दुर्घटना में कार का पिछला दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया है।
पिकअप चालक कार को ठोकर मारकर भागा
तीसरी घटना रिंग रोड बौरीपारा में पाण्डेय पेट्रोल पम्प के पास हुई। सोलर ठेकेदारी का काम करने वाले दुर्गेश कुमार गुप्ता पिता राजेन्द्र कुमार ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 6 जुलाई को शाम करीब 4.36 बजे वे सरगंवा से रिंग रोड बंगाली चैक होते हुए पाण्डेय पेट्रोल पम्प के पास अपने घर जा रहे थे, तभी अज्ञात पिकअप वाहन का चालक तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर उनकी कार क्रमांक सीजी 15 सीजेड 9726 को पीछे से ठोकर मार दिया, जिससे कार के सामने व पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। कार को ठोकर मारने के बाद पिकअप का चालक भाग गया। घटना सीसीटीव्ही में कैद है। पुलिस केस दर्ज करके पिकअप चालक के तलाश में लगी है।
अधिवक्ता कार की ठोकर से हुए जख्मी
एक अन्य घटना में देवीगंज रोड निवासी अधिवक्ता प्रमोद कुमार सिंह बीते 30 जून को दोपहर करीब 3 बजे अपने मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15-4459 से जा रहे थे, इसी दौरान महामाया मंदिर गेट, सद्भावना चौक के सामने पीछे से आ रहे कार क्रमांक सीजी 15 ईडी 9997 का चालक तेज गति में उन्हें ठोकर मार दिया, जिसमें वे जख्मी हो गए। घटना में आई चोटों का इलाज कराने के बाद वे कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। रिपोर्ट पर पुलिस ने कार चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: