हत्याकांड से अवगत होने के बाद भी सूचना पुलिस को नहीं देने और आरोपियों का सहयोग करने का है आरोपी
अंबिकापुर। संदीप लकड़ा हत्याकांड के मामले में थाना सीतापुर पुलिस ने एक और आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस अभी तक 08 आरोपियों को गिरफ्तार की है। मुख्य ईनामी आरोपी अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य फरार हैं, जिनके तलाश में पुलिस लगी है। पुलिस टीम आरोपियों के सभी संभावित छिपने के स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपी अभिषेक पाण्डेय की गिरफ्तारी पर आईजी सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने 40 हजार रुपये ईनाम की उद्घोषणा की है।
बता दें कि थाना सीतापुर अंतर्गत ग्राम बेलजोरा के दीपेश उर्फ संदीप लकड़ा की हत्या कर शव को ग्राम लुरेना बड़वापाट कमलेश्वरपुर स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी के नीचे गड्ढे में जमींदोज करके ऊपर से कांक्रीट की ढलाई कर दिया गया था। पकड़ में आए आरोपियों के द्वारा हत्या की स्वीकारोक्ति करने पर इनकी निशानदेही पर पुलिस ने शव को निर्माणाधीन पानी टंकी के नीचे गड्ढे से बरामद किया था। मृतक के शव को बरामद करके पुलिस मामले में धारा 365, 323, 302, 201, 212, 34, 506, 147, 120(बी) भादंसं एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला कायम की थी। पुलिस टीम ने पूर्व में 07 आरोपियों प्रत्युश पाण्डेय, गुड्डू कुमार, तुलेश्वर तिवारी, शैल शक्ति साहू, गौरी तिवारी, दीपांशु महाराज व जहांगीर अंसारी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। मुख्य आरोपी अभिषेक पाण्डेय एवं अन्य फरार चल रहे हैं। तमाम हथकंडे अपनाने के बाद भी ईनामी आरोपी अभिषेक पाण्डेय पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस की विशेष टीम आरोपियों के तलाश में लगी है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने एक और आरोपी मो. सब्बा अंसारी 30 वर्ष निवासी कुसमई धौरिया, थाना बिरनी, जिला गिरिडीह झारखण्ड को गोवा से कब्जे में लिया है। पूछताछ में उसने घटना दिनांक 07 जून 2024 को दीपेश उर्फ संदीप लकड़ा को मारपीट करने के बाद अत्यधिक घायल अवस्था में हाथ-पैर बांधकर आमाटोली गोदाम में बंद करने की जानकारी दी है, जिसकी रखवाली पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जहांगीर अंसारी कर रहा था। पुलिस ने पूछताछ में पाया कि मो. सब्बा अंसारी, हत्या की घटना से अवगत होने के बाद भी प्रकरण की सूचना पुलिस को नहीं देते हुए आरोपियों का सहयोग किया। ऐसे में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी, थाना प्रभारी सीतापुर उपनिरीक्षक रघुराम भगत, स्पेशल टीम प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, संजीव चैबे, विकास सिंह, अनुज जायसवाल शामिल रहे।

Categorized in: