अंबिकापुर। सरगुजा के कई सूदूर ग्रामीण क्षेत्र के लोग सड़क की मार झेल रहे हैं। सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं व बीमार लोगों को झेलगी में ढोकर एंबुलेंस तक ले जाने का परिदृश्य आए दिन सामने आता है। ऐसी ही एक ऐसी तस्वीर सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कदनई सुगाझरिया की सामने आई है। माझी जनजाति की गर्भवती किशोरी को झेलगी में ढोकर एंबुलेंस तक लाया गया। परिजन 3 किलोमीटर झेलगी में ढोकर मुख्य मार्ग तक पहुंचे और उसे महतारी एंबुलेंस से बतौली शांतिपारा अस्पताल में भर्ती कराया, यहां जच्चा-बच्चा का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कदनई सुगाझरिया की किशोरी गर्भवती थी। सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन महतारी एबुलेंस को फोन किए, पर गांव तक सुगम सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच पाई। घर से करीब 3 किलोमीटर पहले मुख्य मार्ग पर एंबुलेंस खड़ी थी। ऐसे में स्वजन गर्भवती को झेलगी में ढोकर एंबुलेंस तक पथरीले रास्ते से लेकर पहुंचे। इसके बाद महतारी एंबुलेंस के ईएमटी और पायलट ने इन्हें अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह रास्ता और भी दुर्गम हो जाता है। कई बार मरीजों को इसी तरह झेलगी में ढोकर ले जाना पड़ता है। कई बार मरीजों की जान खतरे में पड़ चुकी है।

 

 

Categorized in: