अंबिकापुर। घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ कर रहे एक व्यक्ति की परिवार के सदस्यों ने गुस्से में पिटाई कर दी और उसका हाथ-पैर बांध दिया। अलसुबह इसकी सूचना मिलने पर गांव के सरपंच का पति मौके पर पहुंचा। पकड़े गए युवक के परिजन का पता लगाने के बीच ही बांधकर रखे गए युवक ने दम तोड़ दिया। मामले में प्रतापपुर थाने में पुलिस ने 3 लोगों के विरूद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सौतार धक्कापारा निवासी महिला सरपंच के पति सीपन साय पैंकरा पिता स्व. प्रसाद 26 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि 08 मई को अलसुबह करीब 5.20 बजे गांव के श्यामलाल पिता टोलू गोड़ ने फोन करके बताया कि उसके भाई अमरलाल के घर में रात में एक व्यक्ति घुसा था, जिसे पकड़ कर रखे हैं। जब वह मौके पर आया तो अमर लाल के घर के सामने रोड पर एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा था, जिसका हाथ-पैर रस्सी से बंधा हुआ था। शरीर में अंदरूनी चोट व सूजन दिख रहा था और वह ज्यादा बातचीत नहीं कर पा रहा था। नाम पता पूछने पर बमुश्किल अपना नाम दीपक सिंह पिता स्व. विश्वनाथ गोड़ निवासी कोटेया थाना दरिमा होना बताया। इस दौरान मौके पर उपस्थित परिवार के सदस्यों ने बताया कि 8 मई को रात करीब 1.30 बजे दीपक घर का लाइट बंद करके अंदर घुसा था और कमरे में घुसकर लड़की के साथ धर-पकड़ कर रहा था। शोर सुनकर लड़की की मां बीच-बचाव की तो वह उसके साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद लड़की के पिता एवं बगल घर में सोए चाचा व अन्य आ गए और बीच-बचाव करते हुए दीपक नामक युवक से मारपीट करने के बाद उसका हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे। घर में घुसे दीपक सिंह के परिजनों का पता कर संपर्क करने की कोशिश के बीच ही सुबह करीब 8 बजे उसकी मृत्यु हो गई। घर के घुसे आरोपी की मौत के बाद पुलिस ने हत्या के जुर्म में पीड़ित लड़की और उसकी मां के परिजन के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: