मोदी सरकार की नीतियों पर कांग्रेस नेता ने किया तीखा प्रहार

बलरामपुर। जिला कांग्रेस के प्रभारी शफी अहमद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा प्रहार करते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। राजपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नीतिगत विफलताओं को छिपाने के लिए जनता से त्याग की अपील कर रही है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों के लिए स्वयं जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि, सरकार को देश की आर्थिक स्थिति पर स्पष्ट रणनीति प्रस्तुत करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि संभावित वैश्विक संकट के बावजूद केंद्र सरकार ने समय रहते कोई ठोस तैयारी नहीं की और राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रही। कांग्रेस नेता ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सोना न खरीदने और उर्वरक उपयोग घटाने जैसी अपीलों को अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि इससे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बनाई गई रणनीतिक तेल भंडारण नीतियां आज भी राहत दे रही हैं। शफी अहमद ने महंगाई, रुपये की गिरावट और बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता जताई, और कहा कि, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। साथ ही वर्क फ्रॉम होम जैसी अपील को देश के असंगठित और छोटे व्यापारियों के लिए अव्यवहारिक बताया। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे फैसलों को अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया, जबकि आम जनता कर्ज और महंगाई के बोझ तले दब गई है। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Categorized in: