20 लाख रुपये से अधिक का जेवरात और 65 हजार नकद ले गए
  
अंबिकापुर। शहर में चोरी की वारदातें काफी बढ़ गई है। चोर सूने मकान को निशाना बनाने में लगे हैं। इसी क्रम में गांधीनगर थाना क्षेत्र के मुखर्जीनगर, नमनाकला में सीआरपीएफ में पदस्थ जवान के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये का जेवर और 65 हजार रुपये नकद ले गए। बच्चों का स्कूल से छुट्टी होने पर सीआरपीएफ के जवान का परिवार शनिवार को अपने मूल निवास ग्राम सोनगरा गया था। सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सूक्ष्मता से जांच की।

जानकारी के अनुसार ब्रिजेश सिंह सीआरपीएफ में पदस्थ हैं। घर में उनकी पत्नी, बच्चे और भाई नितेश सिंह रहता है। शनिवार को स्कूल में छुट्टी होने के कारण ब्रिजेश सिंह का भाई नितेश सिंह अपनी भाभी व उनके बच्चों को लेकर अपने मूल निवास सोनगरा गया था। घर में ताला बंद था। रविवार को उन्हें वापस अंबिकापुर आना था, लेकिन किसी कारणवश वे रूक गए। सोमवार को बच्चों का स्कूल खुलने पर सभी वापस मुखर्जीनगर, नमनाकला में स्थित घर लौटे, तो मुख्य गेट का ताला पूर्ववत बंद था। अंदर जाने पर मुख्य दरवाजे का सेंटर लॉक टूटा मिला। जिस कमरे में सीआरपीएफ के जवान का परिवार रहता था, वहां का पूरा सामान बिखरा था। चोर 20 लाख रुपये से अधिक का सोने-चांदी का जेवरात व 65 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे। नितेश ङ्क्षसह ने बताया कि इसके पहले भी वे अपने गृहग्राम कई दिनों के लिए घर में ताला बंद करके जाते थे, लेकिन जेवरात साथ लेकर जाते थे। तत्समय किसी प्रकार की चोरी की वारदात भी नहीं हुई थी। इस बार एक दिन के लिए जाना था, इसलिए जेवर साथ लेकर उनकी भाभी नहीं गई थी। वापस आने पर हुई घटना ने उन्हें बरबादी के कगार पर ला दिया है।

सीसीटीव्ही कैमरा खराब
नितेश सिंह ने बताया कि घर में सीसीटीव्ही कैमरा लगा है, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से खराब है, इस कारण सीसीटीव्ही कैमरे में चोरी की वारदात कैद नहीं हो पाई है। घर के मुख्य दरवाजे का ताला बंद रहने के कारण आसपास के लोगों को भी चोरी का आभास नहीं हुआ। बहरहाल फारेंसिक व पुलिस टीम मौके पर जांच कार्रवाई पूरी करने के बाद अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: