बिश्रामपुर। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा गर्मी के दिनों में झुग्गी बस्तियों में निवासरत लोगों के विद्युत कनेक्शन विच्छेद कराए जाने के संबंध में खबर प्रकाशन उपरांत आज ही प्रभावित लोगों के घरों के विद्युत कनेक्शन जोड़कर व्यवस्था बहाल कर दी गई है।गौरतलब है कि एसईसीएल प्रबंधन के विद्युत विभाग द्वारा नगर पंचायत के समीप स्थित झुग्गी बस्ती के वर्षों से निवासरत करीब 25 घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित करते हुए गतदिनों बिजली विच्छेद कर दिया गया था। प्रभावित लोगों का आरोप लगाया गया था कि उनके साथ विभाग के लोगों द्वारा भेदभाव पूर्ण नीति अपनाते हुए बेवजह परेशान किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने से भटगांव मार्ग किनारे नगर पंचायत कार्यालय के समीप झुग्गी बस्ती के लोगों को पिछले 4-5 दिनों से बेवजह ढिबरी युग में जीवनयापन करने विवश होना पड़ रहा था। जिस पर छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन द्वारा आमजन की उक्त गंभीर समस्या को एसईसीएल प्रबंधन द्वारा झुग्गी बस्ती के गुल किए बिजली, लोग परेशान नामक शीर्षक की खबर प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए आज ही एसईसीएल विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा उक्त सभी घरों के विद्युत कनेक्शन जोड़कर बिजली व्यवस्था बहाल करा दी गई है। विद्युत व्यवस्था बहाल होने पर प्रभावितों द्वारा सम्बंधित विभाग के अधिकारियों व छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन के प्रति आभार जताया है।

Categorized in: