अंबिकापुर। दोपहिया वाहन चोरी के मामले में कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करके इनके कब्जे से तीन दोपहिया वाहन व दोपहिया वाहन के पार्ट्स जप्त किए हैं। बर्खास्त पुलिस आरक्षक के द्वारा दोपहिया वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि सांडबार निवासी इन्दर कबाड़ी के द्वारा चोरी की वाहनों के पार्ट्स को अलग कर बिक्री कर दिया जाता था।

जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना में शिवचरण एक्का पिता चमरू राम निवासी मुक्तिपारा अंबिकापुर ने 03 जून को मोटरसाइकिल हीरो होण्डा सीडी डीलक्स क्रमांक सीजी 15 सीएच 3474 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया था कि घटना तिथि को वह चिकन सेंटर के पास मोटरसाइकिल खड़ा करके घर के अंदर गया था, कुछ समय बाद घर से बाहर निकलने पर मोटरसाइकिल वहां पर नहीं थी। आसपास पता करने पर भी कुछ पता नहीं चला। वाहन चोरी की रिपोर्ट उपरांत गांधीनगर थाना पुलिस के द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दरम्यान मुखबिर से सूचना मिली कि दो अज्ञात व्यक्ति दोपहिया वाहन बेचने के फिराक में घूम रहे हैं। इन्हें घेराबंदी करके पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ करने पर शाहिद अपने मित्र अविनाश मिश्रा के साथ 03-04 माह पूर्व टीव्हीएस जुपिटर व 01 माह पूर्व मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स क्रमांक सीजी 15 सीएच 3474 को चोरी करना बताया। मोटरसाईकिल सीडी डीलक्स को इन्होंने सांडबार निवासी इन्दर सोनवानी कबाड़ी के पास बिक्री करने की जानकारी दी। आरोपी शाहिद के कब्जे से बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी जप्त किया गया है। पुलिस ने कबाड़ी इन्दर सोनवानी को दबिश देकर पकड़ा और पूछताछ की, तो उसने मोटरसाइकिल को खरीदने की बात कही। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल जप्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है।


दूसरी घटना में फूलचंद जायसवाल पिता स्व. मेवालाल जायसवाल निवासी ठनगनपारा के द्वारा 01 जुलाई को हीरो मेजेस्टिक मोपेड क्रमांक एमपी 8256 चोरी होने की जानकारी दी थी। वह पुलिस को बताया था कि बैंक से घर आने के बाद वह अपने मोपेड को घर के बाहर रखा था। दुबारा बैंक जाने के लिए बाहर निकला तो दोपहिया वाहन का अता-पता नहीं था। आसपास पता-तलाश के बाद भी कुछ नहीं मिला। रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध करने उपरांत गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सांडबार निवासी मुनेश्वर तिर्की चोरी की दोपहिया वाहन का उपयोग कर रहा है। पुलिस टीम उक्त व्यक्ति को पूछताछ की तो उसने हीरो मेजेस्टिक क्रमांक एमपी 8256 को चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर पुलिस ने जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना गांधीनगर से प्रधान आरक्षक विपिन तिवारी, आरक्षक रविन्द्र साहू, थाना कोतवाली से प्रधान आरक्षक विजय रवि, आरक्षक धनेश्वर पैंकरा, विवेक राय एवं विशेष टीम से सउनि विवेक पांडेय, आरक्षक सत्येन्द्र दुबे, विकास सिंह, संजीब चौबे, राहुल सिंह, अमित विश्वकर्मा शामिल रहे।

गिरफ्तार किए गए आरोपी
थाना गांधीनगर के प्रकरण में पुलिस ने शाहिद हुसैन उर्फ शालू 23 वर्ष, निवासी गोधनपुर, अविनाश मिश्रा 38 वर्ष निवासी केनाबांध, इन्दर सोनवानी 42 वर्ष, निवासी सांडबार थाना मणिपुर, को गिरफ्तार किया है। वहीं थाना कोतवाली के प्रकरण में मुनेश्वर तिर्की 25 वर्ष, निवासी सांडबार की गिरफ्तारी की गई है।

Categorized in: