मामला प्रेम प्रसंग का या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

भटगांव। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर निवासी एक युवक का शव भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मोहली नखा में आम के डगाल में झूलते मिला, वहीं पेड़ के नीचे एक युवती का शव पड़ा था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मौके का निरीक्षण करने पर पुलिस को बेल्ट, चाकू व घटनास्थल से सौ मीटर दूर फटा फ्राक व कान में पहनने वाली बाली मिली है। मौके के हालात को देखते हुए हत्या के बाद युवक के द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने की संभावना को बल मिल रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पुष्ट हो पाएगा।

जानकारी के मुताबिक मृतक बालेश्वर 25 वर्ष कालीपुर रामानुजनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह सकलपुर के मंगल गोड़ की लड़की का देवर था, जिस कारण उसका रिश्तेदारी में मंगल के यहां हमेशा आना-जाना होता था। मंगलवार की सुबह सकलपुर के कुछ ग्रामीण गांव के ही मोहली नखा पारा में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गए थे, इस दौरान उन्होंने एक युवक का शव फांसी पर झूलते देखा। करीब गए तो मृतक बालेश्वर पिता दुर्गा सिंह को उन्होंने पहचाना। वहीं नीचे हृदय सिंह की 19 वर्षीय पुत्री रीता सिंह मृत हाल में पड़ी थी, उसके चेहरे में चीटियां चल रही थी। धीरे-धीरे यह बात गांव तक फैली और ग्रामीणों का हुजूम घटनास्थल पर जमा हो गया। सूचना मिलने पर मृतकों के स्वजन भी पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति देखकर दंग रह गए। इसकी सूचना पुलिस थाना भटगांव को ग्रामीणों ने दी, इसके बाद उपनिरीक्षक अश्वनी पांडेय के नेतृत्व में पुलिस दल मृतक के शव को फांसी के फंदेसे उतरवाई और दोनों के शव का मौका पंचनामा बनाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मृतकों के स्वजनों का कथन दर्ज करके अग्रिम जांच कार्रवाई में जुटी हुई है।  

Categorized in: