निर्माण एजेंसी ने पहले ही कम राशि होने का हवाला देकर खड़ा कर दिए थे हाथ  

भैयाथान। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सांवारावा में निर्माणाधीन पुलिया पूर्ण होने से पहले ही धराशाई हो गई है। निर्माण कार्य में एजेंसी के द्वारा गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया, जिसका खामियाजा अब वहां के रहवासियों को भुगतना पड़ेगा, वहीं सरकारी राशि की चपत लगेगी।

बता दें कि ग्राम पंचायत सावारावां में मनरेगा योजना अंतर्गत लगभग 10 लाख रुपये की लागत से झींझी नाला पर पुलिया का निर्माण किया जा रहा था, जिसका ढलाई भी पूर्ण हो गया है। इधर सेट्रिंग हटाते ही बेस कमजोर होने के कारण छज्जा का भार नहीं सह सका और पुलिया दबने से दोनों तरफ का बेस धसक गया। ग्रामीणों की मानें तो पुलिया निर्माण को लेकर कई बातें सामने आ रही हैं। ग्राम पंचायत निर्माण एजेंसी ने पुलिया स्वीकृति के बाद राशि कम होने के कारण निर्माण करने से मना कर दिया था, लेकिन मनरेगा के तकनीकी सहायक मनप्रीत सिंह ने ग्राम पंचायत को उतनी ही राशि में गुणवत्ता पूर्ण निर्माण का भरोसा दिलाया और एक ठेकेदार से बात करके कार्य प्रारंभ कर दिया। निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया और बड़े-बड़े गिट्टी बोल्डर डालकर बेस को पाया तक ढलाई कर दिया गया। इसके बाद सेंट्रिंग करके छज्जा भी ढाल दिया, लेकिन सेंट्रिंग हटाते ही पुलिया भसक गया। ग्रामीणों का पूर्व में ही दावा था कि यह पुलिया खतरनाक साबित होगा, इनकी बातें सच साबित हुई। पुलिया बिना उपयोग किए ही धसक रहा है। ऐसे में तकनीकी सहायक और ठेकेदार के मंसूबे पर पानी फिर गया। वहीं विभाग मामले की लीपापोती करने में जुट गया है और यह हवाला दिया जा रहा है कि अभी राशि का भुगतान नहीं हुआ है। पुलिया का निर्माण पुन: कराया जाएगा। इधर पुलिया निर्माण के दौरान लगभग 1.50 लाख रुपये मजदूरी भुगतान हो चुका है, आखिर इस राशि का समायोजन कैसे होगा। निर्माण एजेंसी ने तो पहले ही कम राशि होने का हवाला देकर हाथ खड़े कर दिए थे। जिम्मेदार इस पूरे मामले को प्राकृतिक आपदा बताने के जुगत में लग गए हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि इसे भ्रष्टाचार या प्राकृतिक की आपदा की श्रेणी में जिम्मेदार मानते हैं।

प्राकृतिक आपदा के कारण पुलिया धसक गया है, इसमें मेरा या निर्माण एजेंसी का कोई नियंत्रण नहीं रह सकता है।
मनप्रीत सिंह, तकनीकी सहायक

निर्माण कार्य की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। तकनीकी सहायक और निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विनय कुमार गुप्ता,

सीईओ जनपद पंचायत भैयाथान

Categorized in: