ताला तोड़कर 20 हजार नगद सहित दो लाख का जेवरात, बर्तन ले गए  

गिरिजा ठाकुर 

 अंबिकापुर। सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 20 हजार रुपये नगद सहित लगभग दो लाख रुपये के जेवरात व अन्य सामानों की चोरी कर ली। घटना के समय दंपती इलाज कराने के लिए रायपुर गए थे। घटना की रिपोर्ट शिक्षिका ने गांधीनगर थाना में दर्ज कराई है, जिस पर केस दर्ज करके पुलिस विवेचना कर रही है।

शासकीय प्राथमिक शाला हुण्ड्रालता अंबिकापुर में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ आशा पांडेय पति उमेश कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया है कि नवापारा आजाद वार्ड क्रमांक 16 विशप हाउस के पास स्थित घर के दरवाजे को 31 अगस्त को 7 बजे से 01 सितम्बर के शाम 08 के बीच अज्ञात चोर द्वारा काटकर और ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। 01 सितम्बर को रायपुर से इलाज कराने के बाद रात 8 बजे जब वे सपरिवार घर पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना के बारे में पता चला। इसकी जानकारी उन्होंने डॉयल 112 को दी। घर का सामान चोरों ने बिखेर दिया था और 03 जोड़ी पायल, 18 चांदी के सिक्के, 20-25 जोड़ी बिछिया, 01 जोड़ी कान का झुमका, 01 लेडिज अंगूठी, 03 नाक का लौंग, 01 नथ, 20 हजार रुपये नगद, 02 पीतल का परात, 03 फूल का थाली, 02 लोटा, और 03 कटोरी चोर ले गए थे। शिक्षिका ने बताया है कि एक कमरे की आलमारी को भी चोरों ने तोड़ा है, जो उनकी मां का है। आलमारी में रखे सामानों की जानकारी उन्हें नहीं है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: