प्राचार्य पर टॉयलेट-बाथरूम साफ कराने और दुर्व्यवहार करने का लगाया आरोप

बलरामपुर। जिले के कोरवा आश्रम भेलवाडीह स्थित बालक छात्रावास में प्रशासनिक फैसले के विरोध में शुक्रवार को छात्र सड़कों पर उतर आए। ये बच्चे छात्रावास अधीक्षक उमा सोनवानी को हटाने से नाराज थे और कलेक्टर से मुलाकात की मांग को लेकर लगभग 4 किलोमीटर पैदल मार्च शुरू कर दिया।
छात्रों के आश्रम से निकलने की सूचना मिलते ही ट्राइबल विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस, ट्राइबल विभाग से एसी समीक्षा जयसवाल, तहसीलदार सुनील गुप्ता एवं मंडल संयोजक पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किए। छात्रों ने प्राचार्य सुफला टोप्पो पर गंभीर आरोप लगाए। इनका कहना है कि उनसे टॉयलेट और बाथरूम की सफाई कराई जाती है, समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलता है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। छात्रों ने कहा कि उन्हें कलेक्टर से सीधे मिलना है और उनके साथ हो रहे अन्याय से अवगत कराना है। काफी समझाइश के बाद छात्र वापस छात्रावास लौटने के लिए राजी हो गए। अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, और उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने की बात कही है। फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित रूप से छात्रावास भेज दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।

 

Categorized in: