जांजगीर-चापा। पामगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो ने तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारियों ने चोरभट्टी धान केंद्र के प्रभारी से एक सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की थी। लंबे समय से परेशान धान केंद्र प्रभारी ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया।
योजना के तहत आज शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम के साथ तहसील कार्यालय भेजा गया, जहां एसीबी की टीम पहले से ही तैनात थी। जैसे ही दोनों अधिकारियों ने 35 हजार रुपये की घूस ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल एसीबी द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर जिले में प्रशासनिक हलकों में भी खलबली मची हुई है।

Categorized in: