झारखंड कांग्रेस के निलंबित विधायक डॉ इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोनगाड़ी और राजेश कच्छप का निलंबन जल्द वापस होगा। कांग्रेस दिल्ली मुख्यालय से अधिसूचना जारी होने के साथ इन्हें निलंबन मुक्त कर दिया जाएगा। यह तीनों विधायक 3 अप्रैल को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से दिल्ली में मिल चुके थे। उसके बाद से ही लगातार संकेत मिल रहे थे कि इनके निलंबन वापसी हो जाएगी।

कैश कांड में पकड़े जाने पर हुई थी कार्रवाई
जुलाई 2022 में कोलकाता कैश कांड में पकड़े जाने के बाद इन तीनों विधायकों को पार्टी से निलंबित किया गया था। निलंबन के बाद इन विधायकों ने दी गई नोटिस का जवाब भी दे दिया था। वहीं, विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने केसी वेणुगोपाल को अवगत कराया था कि पूरे मामले को झारखंड हाईकोर्ट ने गलत करार देते हुए क्वेश कर दिया है। वे तीनों कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। तीनों विधायकों से क्षेत्र में खुलकर काम करने और पार्टी संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया गया था। साथ ही, जल्द ही निलंबन वापसी की बात भी कही गई थी।

साथी विधायक अनूप सिंह ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
गौरतलब है कि तीनों विधायकों को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में 49 लाख रुपये कैश के साथ पकड़ा गया था। 30 जुलाई की शाम को हावड़ा पुलिस ने तीनों को कैश के साथ पकड़ा और पूछताछ की। उधर तीनों विधायकों को पकड़ा गया और इधर उनके ही साथी विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अनूप सिंह ने आरोप लगाया कि जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने उन्हें बीजेपी के सहयोग से हेमंत सोरेन सरकार को गिराने के एवज में 10 करोड़ रुपये और मंत्रीपद का लालच दिया था। इस मामले की जांच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीआईडी को सौंप दी थी। तीनों विधायक 3 महीने तक कोलकाता में रहा। बाद में कोलकाता हाईकोर्ट ने उन्हें स्थायी जमानत मिली।

Categorized in: