अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस के द्वारा सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए लापरवाह वाहन चालकों के लाइसेंस का निलम्बन कराया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना व चौकी में सड़क दुर्घटनाओं एवं अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के द्वारा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में 01 जनवरी 2025 से 27 मई 2025 के बीच अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एवं वाहन चेंकिग के दौरान खामी पाए गए वाहन चालकों के विरूद्ध विभिन्न मोटरयान की धाराओं के तहत ड्रायविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भेजा गया। 31 ड्रायविंग लाइसेंस निलंबन के प्रस्तावित प्रकरण में सभी प्रकरणों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। इससे सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण की उम्मीद बढ़ गई है। इसके अलावा थाना गांधीनगर के अपराधिक प्रकरण में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के द्वारा 03 ड्रायविंग लाइसेंस को मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 19 व केन्द्रीय मोटरयान नियम 1989 के नियम 21 अंतर्गत 27 मई 2025 से 03 माह के लिए अनुज्ञप्ति धारण करने से निरर्हित किया गया है। सरगुजा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेेगी।

Categorized in: