अंबिकापुर। प्रदेश की भाजपा सरकार और सांसद की पद लोलुपता से सरगुजा एक बार फिर हवाई सुविधा से वंचित हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को देश भर में 15 हवाई अड्डों का शुभारंभ किया, लेकिन इनमें सरगुजा के दरिमा हवाई पट्टी का नाम नहीं है, जबकि दरिमा हवाई एयरपोर्ट का काम पूर्ण हो चुका है। हवाई यात्रा का रूट भी तय किया जा चुका है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एक बयान जारी कर इसे सरकार की नाकामी करार दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने करोड़ों रुपये दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए दिया था। युद्ध स्तर पर एयरपोर्ट का काम पूरा कराकर लाइसेंस के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की थी। डीजीसीए की टीम निरीक्षण भी कर चुकी थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत अंबिकापुर-बिलासपुर-अंबिकापुर और अंबिकापुर-रायपुर-अंबिकापुर मार्ग फ्लाई बिग कंपनी को परिचालन हेतु अवार्ड किया जा चुका है। अंबिकापुर की जनता ने जिसे संसद बनाकर दिल्ली में आवाज उठाने की उम्मीद से भेजा वह ऐन वक्त में अपनी जिम्मेदारी से भाग मुख्यमंत्री बनने के होड़ में लग गईं। राज्य सरकार द्वारा पिछले तीन महीने में सरगुजा को हवाई सेवा से जोड़ने कोई पहल नहीं करने का परिणाम है कि आज दरिमा से हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई। सरकार की उदासीनता से सरगुजा के लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

Categorized in: