अंबिकापुर। सूरजपुर जिला में अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा प्रेमनगर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी डिसम्बर सिंह पिता स्वर्गीय कांशीराम, निवासी ग्राम नवापारा खुर्द, पोस्ट मंहगई, तहसील प्रेमनगर जिला सूरजपुर के द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो अम्बिकापुर में शिकायत की गई थी कि वह प्रधानमंत्री मतस्य संपदा योजना अन्तर्गत ग्राम नवापारा खुर्द स्थित भूमि पर तालाब का निर्माण इसी वर्ष माह जून में कराया था। तालाब का निर्माण कराने के पश्चात जनपद पंचायत प्रेमनगर में पदस्थ ऋषिकांत तिवारी अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा प्रेमनगर, जिला सूरजपुर के द्वारा उक्त कार्य का भौतिक सत्यापन करने एवं रिपोर्ट तैयार करने के एवज में उससे 15 हजार रूपये रिश्वत का मांग किया गया था। वह रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन दौरान आरोपी 15 हजार रुपये रिश्वत लेने के लिए सहमत हुआ और 12 नवंबर को ट्रैप आयोजित करके आरोपी ऋषिकांत तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा प्रेमनगर, जिला सूरजपुर को उसके निवास पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी के निवास अंबिकापुर में सर्च कार्रवाई की गई और मकान से 2,27,500 रुपये नकद जप्त किया है, जो हाल ही में रिश्वत के रूप में हितग्राहियों से अवैध रूप से वसूली की गई राशि का होना पाया गया। सर्च कार्रवाई के दौरान आरोपी के मकान से जमीन के दस्तावेज, बैंक, बीमा, सोना-चांदी के आभूषण प्राप्त हुए हैं, इस संबंध में जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध धारा 7 पी.सी. एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्रवाई की जा रही है

Categorized in: