रायपुर, । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी काम तय समय-सीमा के भीतर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।

धीमी रफ्तार और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में अरुण साव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निर्माण कार्यों में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अधिकारियों को परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने को कहा गया।

स्थल निरीक्षण और नियमित समीक्षा पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केवल कागजी समीक्षा तक सीमित नहीं रहने, बल्कि विकास कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तय समय पर आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कामों में तेजी लाने और हर स्तर पर जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों की जिम्मेदारी भी होगी तय

बैठक में स्पष्ट किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या विकास कार्यों की प्रगति लगातार धीमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जरूरत पड़ने पर निलंबन जैसी कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।