गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। सब्जी व चावल-दाल लेकर भकुरा नवापारा से अंबिकापुर आई आधा दर्जन से अधिक महिलाओं के साथ चार चप्पल-जूता बेचने वाले युवकों ने जमकर मारपीट की। एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। सब्जी बेचने के लिए बैठने वाली जगह पर जूता-चप्पल दुकान के व्यवसायी का कब्जा विवाद की वजह बनी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को धर दबोचा, जबकि तीन फरार हो गए। शहर के कंपनी व गुदरी बाजार में कोचियों का कब्जा रहने से वैसे भी ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं को परेशानी होती है। दोनों प्रमुख बाजारों में अन्य व्यवसायियों का भी कब्जा रहता है। इनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्र से सब्जी या अनाज बेचने के लिए आने वाले किसानों पर दबाव बनाया जाता है, जिससे वे बाजार में बैठकर सामान बेच नहीं पाते हैं। ऐसे में किसान औने-पौने दाम पर सब्जी कोचियों को देकर चले जाते हैं। ऐसे ही हालातों के बीच रविवार की सुबह साप्ताहिक कंपनी बाजार में जगह को लेकर चार युवकों ने महिलाओं के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एक युवक को हिरासत में ली है। आधा दर्जन से अधिक पीडि़त महिलाओं ने कोतवाली पहुंच घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में निकली। इस दौरान पुलिस को देखकर तीन आरोपित फरार हो गए, जबकि एक आरोपित पुलिस के हाथ लग गया।

Categorized in: