सरगुजा: भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। केंद्रीय मंत्री चौहान अपने प्रवास के दौरान उल्टापानी भी पहुंचे। उल्टापानी मैनपाट का दर्शनीय स्थल है, जहां पानी उपर चढ़ता हुआ दिखाई देता है। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान का एक अनोखा अंदाज देखने को मिला। शिवराज सिंह चौहान ने यहां अपने हाथों से कागज की नाव बनाई और फिर उसे पानी में छोड़ा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ अद्भुत है। प्रकृति के अनुपम सौंदर्य के साथ ही छत्तीसगढ़ में उल्टापानी जैसे उद्भुत स्थल हैं। यहां पानी नीचे से उपर चढ़ रहा है। इसे पर्यटन स्थल के रूप में और विकसित किया जा सकता है। मैनपाट को प्रशिक्षण वर्ग के रूप में चयनित भी इसी लिए किया गया है, ताकि यहां का पर्यटन विकास हो।

गृहमंत्री का दौरा रद्द होने से आयोजकों में निराशा का माहौल

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा अंतिम क्षणों में रद्द हो गया है। गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए निर्धारित था। मैनपाट में आयोजित इस शिविर में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को रणनीतिक दिशा-निर्देश देने वाले थे। यह दौरा आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इनका दौरा रद्द होना एक अहम राजनीतिक उपस्थिति की कमी को इंगित करा रहा है, लेकिन पार्टी के अन्य शीर्ष नेता इस शिविर को दिशा देने और एकजुटता बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, ऐसा माना जा रहा है।

मैनपाट पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा अकेली पार्टी है जो कार्यकर्ताओं का वैचारिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का काम करती है। प्रशिक्षण में वैचारिक विषय भी है। कार्यकर्ता का आचरण एवं व्यवहार भी है। अपने क्षेत्र में बेहतर काम वे कैसे करें, इसकी ट्रेनिंग भी उनको दी जा रही है। निश्चित ही प्रशिक्षण का लाभ देशभर के सांसद एवं विधायकों को मिलेगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के प्रशिक्षण से जनप्रतिनिधियों का कामकाज सुधरेगा। पूरे देश में सांसद एवं विधायकों को वैचारिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान विधायक और सांसदों को जमीनी स्तर पर काम करने को कहा गया है।

Categorized in: