अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत रुपये दोगुना करके देने का झांसा देकर साढ़े 7 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर से की थी, जिस पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज करके जांच में लिया है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के नाम पर प्रेषित किए गए आवेदन में भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलगा निवासी धजनाथ देवांगन पिता. बालेश्वर ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि जून 2024 में ग्राम दतिमा निवासी इरफान अंसारी पिता निजामुद्दीन अंसारी के द्वारा बार-बार मुझे पैसा डबल करने का प्रलोभन देकर छलपूर्वक 7 लाख 50 हजार रुपये नगद और फोन पे के माध्यम से ले लिया। इसके एवज में उसे 6 लाख रुपये का चेक दिया गया था जिसे जमा करने पर बाउंस हो गया। रुपये वापस करने के लिए कहने पर आरोपी के द्वारा टाल-मटोल किया जाने लगा। ग्रामीण ने बताया है कि रुपये वापस नहीं करने के कारण उस पर पारिवारिक दबाव बढ़ रहा है और उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ रही है। पुलिस ने आवेदक धजनाथ देवांगन एवं आरोपी इरफान अंसारी के बैंक खातों का स्टेटमेंट व मोबाइल फोन का कॉल डिटेल प्राप्त किया है। जांच में इरफान अंसारी के द्वारा विकेन्द्र कुमार जगने निवासी बालाघाट मध्य प्रदेश के साथ मिलीभगत करके माह जून 2024 में धजनाथ देवांगन से पैसा डबल करने का झांसा देकर 6 लाख रुपये नकद एवं फोन पे के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये कई किस्तों में लेना पाया है। मामले में आरोपियों के विरूद्ध पुलिस ने धारा 420, 34 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Categorized in: