जमीन खरीदने के चक्कर में जीवन भर की पूंजी गंवा चुकी महिला ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
अंबिकापुर। रॉयल पार्क कॉलोनी व राजवाड़े परिवार का जमीन खरीदवाने के नाम पर महिला से 78 लाख 97 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
टाटा एआईए में लीडर श्रीमती इन्दु सिंह ने पुलिस को बताया है कि उनके पति अजीत कुमार सिंह एसईसीएल भटगांव से वर्ष 2020 में सेवानिवृत हुए थे। पूर्व से ही वे अंबिकापुर के आसपास फार्म हाउस व मकान बनाने के लिए जमीन खोज रहे थे, और अपने परिचितों को भी बोले थे। इस दौरान टाटा एआईए में लीडर गणेश सिन्हा ने बताया कि दत्ता कॉलोनी अंबिकापुर में रहने वाला उनके छोटे भाई का दोस्त निकुंज गुप्ता जमीन खरीदने-बेचने का काम करता है, उससे मिलिए। अपने फोन के माध्यम से उसने निकुंज गुप्ता से बात भी करवाया। बातचीत के दौरान निकुंज बोला कि एक-दो लोग जमीन बेच रहे हैं, जो उसके संपर्क में है। उसने अंबिकापुर आकर जमीन देख लेने और पसंद आने पर आगे की बातचीत करने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने पति व कुछ पड़ोसियों के साथ अंबिकापुर आकर निकुंज गुप्ता से सम्पर्क की तो वह हमें रॉयल पार्क कॉलोनी के पीछे करीब पौने दस डिसमिल जमीन दिखाकर उक्त जमीन अनिल अग्रवाल का होना बताया। वह कहा कि अनिल की बहन को कैंसर हो गया है, जिसके इलाज के लिए वह जमीन बेचना चाहता है। उसने यह भी बताया कि जमीन का एग्रीमेंट वह अपने नाम पर करा लिया है, जिस कारण सीधे रजिस्ट्री हो जाएगा, कोई दिक्कत नहीं होगा। जमीन का सौदा 21 लाख रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से हुआ, इसके कुछ दिन बाद वह जमीन के लिए एडवांस रुपये देने के लिए कहा। निकुंज गुप्ता को वह 01 लाख रुपये का चेक दे दी थी, जिसे 11.08.2017 को वह आहरण कर लिया। एडवांस देने के बाद निकुंज गुप्ता से जमीन का रजिस्ट्री करने कहा गया तो बहन का कैंसर का इलाज कराने के लिए अनिल अग्रवाल के बाहर जाने की बात कहकर टालमटोल किया और इस बीच इलाज व अन्य कई बहाने बनाकर महिला से रुपये लेते रहा। उसकी बातों में आकर महिला ने अपने खाता से चेक के माध्यम से 04.10.2017 से 12.04.2019 के बीच 12 लाख 15 हजार रुपये व अपने पति के खाता से 20.07.2018 से 08.03.2019 के बीच 4 लाख 90 हजार रुपये दे दिए। जमीन का रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर वह जमीन मालिक अनिल अग्रवाल की बहन के ज्यादा सीरियस होने की बात कहकर इन्हें गुमराह कर दिया। लाखों रुपये ऐंठने के बाद वह ठगी का नया रास्ता निकाला और दूसरी जमीन दिखाकर इन्हें झांसे में ले लिया।आरोपी निकुंज गुप्ता ने टाइम आउट सिनेमा के सामने करीब 2 एकड़ 37 डिसमिल जमीन दो राजवाड़े भाईयों के द्वारा बेचने की जानकारी पुन: इन्दु सिंह को दी और जमीन पसंद आने पर 2 लाख 35 हजार रुपये प्रति डिसमिल जमीन का दाम बताकर एडवांस दे देने के लिए कहा। वह कुछ जमीन स्वयं लेकर बेचने और रुपये दे देने का झांसा देकर जमीन का एग्रीमेंट करा लेने का सुझाव दिया। साथ ही पूर्व में प्राप्त 17 लाख रुपये मिलाकर 30 लाख रुपये राजवाड़े भाईयों को दे देने के लिए राजी कर लिया। जमीन का एग्रीमेंट कराने की सहमति मिलने पर 23.07.2019 को निकुंज गुप्ता इन्हें अपने घर में बुलाया, यहां उसका दोस्त विष्णु प्रजापति भी था। इनके द्वारा वहां मौजूद एक आदमी का परिचय जमीन स्वामी रामविलास राजवाड़े के रूप में कराया। महिला ने जब उसके भाई के बारे में पूछा तो वह बोला आ रहा है। एग्रीमेंट पर दोनों हस्ताक्षर कर दिए, जिसमें निकुंज और विष्णु गवाह बने। काफी देर बाद भी रामविलास का भाई नहीं आया तो निकुंज ने रामविलास के भाई प्रकाश से हस्ताक्षर करवाकर एग्रीमेंट का नोटरी करवाकर देने कहा और फोटो कॉपी देकर मूल एग्रीमेंट की प्रति अपने पास रख लिया।
एक करोड़ दीजिए, नहीं तो पूरा पैसा डूब जाएगा
एग्रीमेंट होने के बाद और रुपये ऐंठने की जुगत में लगे निकुंज गुप्ता ने पुन: महिला से कहा कि राजवाड़े भाई रुपये जल्द नहीं मिलने पर एग्रीमेंट तोड़ देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में महिला दबाव में आ गई और वह अपने पुत्र शाश्वत के बैंक खाता से 28.08.2019 से 09.10.2022 के बीच 16 लाख 24 रुपये ट्रांसफर कर दी। रुपये मिलने के बाद निकुंज ने कम से कम 01 करोड़ रुपये देने के लिए कहा, तो उन्होंने और रुपये नहीं होने की बात कही। इस पर निकुंज ने कहा, ऐसे में रुपये डूब जाएगा। लाखों रुपये डूबने से बचाने के चक्कर में वह अपने परिचित उमा शंकर गुप्ता, अरविंद गुप्ता व आनंद मिश्रा को निकुंज से मिलवाई, तो वह इनसे जमीन के नाम पर तीन बार में 10 लाख रुपये अपने खाता में जमा करवा लिया, और रजिस्ट्री के नाम पर बहाना बनाते रहा। परिचितों ने जब रुपये वापस मांगा तो वह महिला को बरगलाकर फिलहाल उन्हें रुपये वापस कर देने कहा। जमीन के आस में महिला 9 लाख 37 हजार रुपये इन्हें वापस कर दी। इसके बाद जमीन दलाल निकुंज गुप्ता जतीन की खरीददार महिला का फोन उठाना बंद कर दिया। जीवन भर का जमा पूंजी गंवा चुकी महिला थाने पहुंचकर आरोपी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने धारा 420 का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: