01 जनवरी की स्थिति में 18 वर्ष पूर्ण किए 14 हजार नए मतदाता पहली बार करेंगे मतदान
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सोमवार को नगरीय निकाय निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-25 की घोषणा कर दी है। इसके साथ आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सरगुजा जिले में नगरीय निकायों का निर्वाचन 01 चरण एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों का निर्वाचन कार्य 03 चरणों में संपन्न कराया जाएगा।
कलेक्टर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर ने कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह, 26 जनवरी को राजनैतिक प्रचार-प्रसार से दूर मनाया जाएगा। झांकियों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री सहित केंद्र व राज्य के किसी भी नेता का फोटो नहीं रहेगा। संवेदनशील मतदान केंद्रों तक पुलिस सक्रिय रहेगी। प्रदेश में एक साथ होने वाले चुनाव को देखते हुए बाहर से फोर्स मिल पाना संभव नहीं है, ऐसे में जिले में उपलब्ध पुलिस बल के साथ आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार एक जनवरी की स्थिति में 18 वर्ष पूर्ण किए लगभग 14 हजार नए मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।
नगरीय निकाय क्षेत्रों में वार्डों की संख्या 78 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 34 हजार 277 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 65 हजार 791, महिला निर्वाचकों की संख्या 68 हजार 476 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 10 है। नगर पालिक निगम अंबिकापुर अंतर्गत वार्डों की संख्या 48 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 21 हजार 454 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 59 हजार 644, महिला निर्वाचकों की संख्या 61 हजार 800 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 10 है। नगर पंचायत लखनपुर अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 5 हजार 692 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 2 हजार 696, महिला निर्वाचकों की संख्या 2 हजार 996 है। नगर पंचायत सीतापुर अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 7 हजार 131 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 3 हजार 451 एवं महिला निर्वाचकों की संख्या 3 हजार 680 है। कलेक्टर विलास भोस्कर ने निर्वाचक नामावली, नाम निर्देशन व्यवस्था सहित अन्य जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता के दायरे में गतिविधियां संचालित करने का आग्रह किया। वहीं मीडिया प्रतिनिधियों को निष्पक्ष होकर निर्वाचन मतदान संपन्न कराए में सहयोग की अपील की। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराए जाने हेतु पुलिस प्रशासन सक्रिय है, आदतन अपराधी, असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम घोषणा के अनुसार 22 जनवरी को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन, स्थानों (सीटों) के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन, मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन रिटर्निंग आफिसर द्वारा तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त रिटर्निंग आफिसर द्वारा किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 28 जनवरी निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) हेतु 29 जनवरी, अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 31 जनवरी तथा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने, प्रकाशन करने और निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन करने हेतु 31 जनवरी निर्धारित की गई है। मतदान 11 फरवरी 2025 को किया जाएगा तथा मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा 15 फरवरी 2025 को की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-25 संबंधी दी जानकारी
जिले में तीन चरणों में त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन हेतु समय अनुसूची जारी किया गया है। प्रथम चरण में अंबिकापुर लखनपुर एवं उदयपुर, द्वितीय चरण में सीतापुर एवं मैनपाट और तृतीय चरण में लुण्ड्रा एवं बतौली में निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा। तीनों चरणों में 27 जनवरी को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन, स्थानों (सीटों) के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन, मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त (रिटर्निंग आफिसर द्वारा) किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 03 फरवरी निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) (रिटर्निंग आफिसर द्वारा) हेतु 04 फरवरी, अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 06 फरवरी तथा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने, प्रकाशन करने और निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन करने (रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा) हेतु 06 फरवरी निर्धारित की गई है। समय अनुसूची के अनुसार त्रि-स्तरीय पंचायतों में प्रथम चरण हेतु मतदान एवं मतगणना 17 फरवरी 2025 तथा खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना (यदि आवश्यक हो) हेतु 18 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है। द्वितीय चरण हेतु मतदान एवं मतगणना 20 फरवरी 2025 तथा खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना (यदि आवश्यक हो) हेतु 21 फरवरी निर्धारित की गई है। पंच, सरपंच, जनपद पंचायत के मामले में खण्ड स्तर पर प्रथम चरण 19 फरवरी, द्वितीय चरण 22 फरवरी एवं तृतीय चरण 25 फरवरी को तथा जिला पंचायत सदस्य के मामले में जिला मुख्यालय पर प्रथम चरण 20 फरवरी, द्वितीय चरण 23 फरवरी एवं तृतीय चरण 25 फरवरी को सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी।
सात जनपद पंचायत क्षेत्रों में 439 ग्राम पंचायत
कलेक्टर ने बताया कि सरगुजा जिले के सभी 7 जनपद पंचायत क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों की संख्या 439 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 5 लाख 42 हजार 354 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 2 लाख 67 हजार 958, महिला निर्वाचकों की संख्या 2 लाख 74 हजार 385 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 11 है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पद हेतु जनसूचना शाखा अंबिकापुर में जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। जनपद पंचायत सदस्य पद हेतु संबंधित जनपद पंचायत में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार (रिटर्निंग ऑफिसर) एवं संबंधित क्षेत्र के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत (सहायक रिटर्निंग ऑफिसर) नाम निर्देशन पत्र लेंगे। वहीं पंच, सरपंच पद हेतु निकटस्थ ग्राम पंचायत भवन/विकेन्द्रीकृत व्यवस्था के तहत लगभग 10 ग्राम पंचायतों हेतु 01 केंन्द्र का निर्धारण (जिले के कुल 46 केंन्द्र) किए गए हैं, जिनमें नियुक्त सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (कुल 46) नाम निर्देशन पत्र लेंगे।
नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु 173 मतदान केंद्र
जिले में नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु 173 मतदान केंद्र हैं, जिसमें 10 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु कुल 1099 मतदान केंद्र हैं, जिसमें 65 संवेदनशील एवं 6 मतदान केंद्र अति संवेदनशील हैं।

Categorized in: