*बेवा महिला व उसकी बेटी ने कोतवाली में दर्ज कराया था मामला, पुलिस ने जांच के बाद अपराध दर्ज किया*
अंबिकापुर। जिले में इन दिनों जमीन की गलत तरीके से खरीद-बिक्री जैसा मामला सुर्खियों में है। बिचौलियों की सक्रियता भी कम नहीं है, जो धड़ल्ले से इस कारोबार को अनापशनाप तरीके से अंजाम देने में पीछे नहीं हैं। सत्ता पक्ष व विपक्ष के कुछ नेताओं पर भी जमीन की खरीद फरोख्त के मामले में उंगली उठ चुकी है। शासकीय भूमि की प्लॉटिंग कर ऊंचे दामों पर बेचने का खेल लम्बे समय से चल रहा है। कथित मंत्री के पीए, कानूनगो सहित 23 लोगों के विरुद्ध प्रशासन की जांच के बाद नजूल व राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। इन सबके बीच एक मामला शहर कोतवाली की पुलिस ने दर्ज किया है, इसमें भी कांग्रेस पार्टी के युवा पार्षद, उसके भाई सहित चार लोगों का नाम शामिल है। आरोप मृत व्यक्ति को निःसंतान बताकर धोखाधड़ी व 1.20 एकड़ जमीन अपने नाम कराने से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक शहर के मायापुर घुटरापारा, चांदनी चौक की सुबासो बाई पति स्व.रामलाल व उसकी पुत्री मालती ने नौ मई को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मायापुर स्थित भूमि खसरा नंबर 253/4 की लगभग एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन को फर्जी तरीके से बिचौलियों ने दूसरे के नाम करा लिया है। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि बेवा महिला के एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन को फर्जीवाड़ा करके बिचौलियों ने  देवी राम के नाम करा लिया है।  शिकायत सही पाने पर पुलिस ने देवी राम पिता स्व.फौदराम निवासी मायापुर, दिनेश बारी निवासी चांदनी चौक, कांग्रेस पार्षद सतीश बारी निवासी चांदनी चौक, दीपक निवासी घुटरापारा व अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि बिचौलियों ने बेवा महिला की जमीन को यह कहकर अपने नाम करा लिया था कि सुबासो बाई के पति स्व. रामलाल का कोई संतान नहीं है। पुलिस की जांच में सामने आया कि स्व.रामलाल की दो पत्नियां थी, एक पत्नी की पहले मौत हो चुकी है, जिससे एक संतान रवि शंकर चेरवा है, दूसरी पत्नी से पांच पुत्रियां हैं। जबकि दस्तावेजी प्रमाण इतना पुख्ता बना दिया गया, जिससे मृत जमीन स्वामी के कोई संतान नहीं होने की पुष्टि करते हुए उक्त जमीन को मृतक रामलाल के चचेरे भाई के नाम करा लिया गया। पुलिस का कहना है, यह भूमि पार्षद सतीश बारी के यहां काम करने वाले देवी राम के नाम फर्जी रूप से कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 34 तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
*जमीन के कुछ हिस्से को प्लॉटिंग करके बेचा*
कोतवाली प्रभारी रुपेश नारंग ने बताया कि सतीश बारी उक्त वार्ड का पार्षद है। बेवा सुबासो बाई पति स्व. रामलाल व आरोपी देवी राम एक ही परिवार से हैं। इसलिए मिलीभगत कर के पहले सुबासो बाई पति स्व. रामलाल के नि:संतान होने का प्रमाण पत्र बनवाकर 1.20 एकड़ जमीन को देवी राम के नाम चढ़वा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने जमीन के कुछ हिस्से को प्लॉटिंग करके बेच दिया। इसमें पटवारी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

Categorized in: