तत्कालीन सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश
बिश्रामपुर। शासकीय राशि का गोलमाल किए जाने के मामले में रामनगर सरपंच को एसडीएम सूरजपुर ने पद से बर्खास्त करते हुए तत्कालीन सचिव के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा की गई है। सूरजपुर एसडीएम द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि सूरजपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर के सरपंच जवाहर सिंह व तत्कालीन सचिव तुलाराम यादव द्वारा नियम विरुद्घ तरीके से करीब 13998800 रुपए का गबन किया गया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि पंचायत निरीक्षक उपेंद्र तिवारी की संयुक्त टीम द्वारा शिकायत पर किए गए जांच में पाया गया था कि सरपंच जवाहर सिंह व तत्कालीन सचिव तुलाराम यादव द्वारा ग्राम पंचायत को वर्ष 2019-20 में प्राप्त राशि में से ग्राम पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव 11दिसम्बर 2019 के आधार पर 24 दिसंबर 2019 को 3 लाख रुपए एवं 10 लाख रुपए सरपंच जवाहर सिंह के खाते में स्थानांतरित कर 31 दिसंबर 2019 को 1 लाख रुपए नगद आहरण कर रोकड़ बही में विभिन्न कार्य व्यय लिखा गया है, जबकि जांच दिनांक कार्य का ना ही प्राकलन तैयार किया गया और ना ही तकनीकी स्वीकृति कराकर मूल्यांकन कराया गया है। अभिलेख अवलोकन से स्पष्ट है कि सरपंच-सचिव द्वारा 14 वां वित्त के नियम निर्देश की अवहेलना करते हुए प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार पीएफएमएस के माध्यम से न कर 14 वें वित्त की राशि 1399800 रुपए फर्जी दस्तावेज तैयार कर व्यय किया गया है। चार आंगनबाड़ी केंद्र क्रमशः लोहारीपारा, डबरीपारा में शौचालय में शीट नहीं लगवाया गया था। बांधपारा में बिजली नहीं फिटिंग कराया गया था। भौरापारा में पूर्ण था लेकिन विभाग के सुपुर्द नहीं किया गया था, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र निजी भवन में संचालित हो रहा था। ऐसी स्थिति में मामले की सुनवाई पूर्ण कर सूरजपुर एसडीएम द्वारा 24 मई 2023 को आदेश पारित करते हुए सरपंच जवाहर सिंह को छग पंचायत राज अधिनियम 1983 की धारा 40 (क)(ख) के तहत सरपंच पद से पृथक करते हुए हटाये जाने का आदेश जारी किया गया है। साथ ही तत्कालीन पंचायत सचिव तुलाराम यादव को शासकीय राशि के गबन मामले में जनपद पंचायत सूरजपुर के सीईओ द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। ज्ञात हो कि रामनगर सरपंच जवाहर सिंह द्वारा उक्त शासकीय राशि के गबन मामले में जेल की सजा भी काटी जा चुकी है और करीब 5-6 महीने पूर्व ही जेल से निजलने पर सरपंच पद पर पदभार ग्रहण किया गया था।

 

 

Categorized in: