सरगुजा प्रेस क्लब ने उठाया सवाल-आपत्तियां निरस्त होने के बाद नगर निगम से क्यों मांग रहे अभिमत

अंबिकापुर। अंबिकापुर के पत्रकारों ने जमीन आबंटन में हो रही ही लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को पुन: पत्रकार गृह निर्माण समिति अंबिकापुर की ओर से पत्रकारों के लिए जमीन आबंटित करने की मांग को लेकर सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें अवगत कराया गया है कि भूमि आवंटन हेतु वर्ष 2012 में फुंदुरडिहारी अंबिकापुर स्थित भूमि खसरा क्रमांक 428 रकबा 0.360 हेक्टेयर भूमि का चयन जिला प्रशासन, सरगुजा द्वारा किया गया था।

    उक्त भूमि के आवंटन की प्रक्रिया आज पर्यंत पूरी नहीं हुई है। कुछ भू-माफियाओं के द्वारा भूमि आवंटन को लेकर लगवाई गई बेबुनियाद आपत्ति व दावों को लेकर नजूल अधिकारी अंबिकापुर द्वारा प्रक्रिया को रोककर रखा गया है, जबकि उक्त आपत्तियां एवं दावे निरस्त किए जा चुके हैं। इसके बाद नजूल अधिकारी द्वारा बिना औचित्य के नगर निगम अंबिकापुर से पुन: अभिमत भांगा गया है, जबकि नगर निगम के सामान्य सभा द्वारा पूर्व में ही इसमें अनापत्ति दी जा चुकी है। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिला प्रशासन के अधिकारी जान-बूझकर मामले को लंबित कर रहे हैं। कलेक्टर सरगुजा से आग्रह किया गया है कि पत्रकार गृह निर्माण समिति मर्यादित अंबिकापुर, सरगुजा (छग) के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। यदि एक सप्ताह में भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाता है तो सरगुजा प्रेस क्लब के सदस्य जिला प्रशासन के विरोध में धरना-प्रदर्शन करने बाध्य होंगे। इस दौरान सरगुजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर कुशवाहा, वरिष्ठ पत्रकार अजय नारायण पांडेय, अरूण सिंह, मनोज गुप्ता, रविशंकर गुप्ता, अभिनय साहू, चंद्रशेखर गुप्ता, उपेन्द्र गुप्ता, रोमी सिद्दीकी, तरुण अंबष्ट, रामप्रवेश विश्वकर्मा, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: