पुलिस अधीक्षक ने टीम का प्रशस्ति पत्र देकर किया उत्साहवर्धन, आई से नकद ईनाम देने की अनुशंसा

अंबिकापुर। ऑपरेशन विश्वास के तहत अंतर्राज्यीय शातिर को मणिपुर इम्फाल से पकड़कर 12 लाख रुपये जप्त करने वाली पुलिस टीम का प्रशस्ति पत्र देकर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज से पुलिस टीम को नगद ईनाम प्रदान करने की अनुशंसा की है।

सरगुजा पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदेहियों, आरोपियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में देव गुप्ता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह ओएलएक्स ऑनलाइन ऐप में अपने मोबाइल आईफोन 15 की बिक्री के लिए विज्ञापन डाला था। इसके बाद अज्ञात युवक ने मोबाइल फोन खरीदने के लिए संपर्क किया और आईफोन लेकर अपने पिता को दिखाने की बात कहते हुए उसके दूसरे मोबाइल फोन वन प्लस को भी पिता से बात करने के बहाने मांग लिया। इसके बाद पांच मिनट में आने की बात कहते हुए दोनों मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने मामले के आरोपी भीम राय 29 वर्ष निवासी सपही थाना ब्रम्हपुर जिला बक्सर बिहार को मणिपुर इम्फाल में दबिश देकर पकड़ा था। आरोपी ने पूछताछ में कई अन्य मामलों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखण्ड, बिहार, छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की घटना करना स्वीकार किया था। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से देव गुप्ता के आईफोन सहित 10 आईफोन एवं 01 डीएसएलआर कैमरा, 40 हजार रुपये नगद, कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बरामद किया था। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए इनका उत्साहवर्धन करने के लिए अपने कार्यालय में उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मंटु गुप्ता, अनुज जायसवाल, सुशांत यादव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया। पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्रवाई पर नगद ईनाम प्रदान करने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के समक्ष अनुशंसा की है। पुलिस अधीक्षक ने इनसे भविष्य में भी बेहतर कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की है।

Categorized in: