विशेष जागरूकता अभियान के साथ विद्यार्थियों, प्राचार्यों से हो रहे रूबरू

अंबिकापुर। सड़कों पर नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में सरगुजा पुलिस द्वारा जिले भर में अंडरएज ड्राइविंग के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से बचाना है। शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना, चौकी एवं यातायात पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

स्कूलों में पहुंचकर दी गई समझाइश

अभियान के तहत यातायात पुलिस टीम द्वारा मल्टीपरपस स्कूल एवं डी हिलॉक्स स्कूल में छात्र-छात्राओं को एकत्रित करके यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के वाहन चलाना दंडनीय अपराध है। साथ ही छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए अधिकृत स्कूल वाहन अथवा स्वजन के साथ आने की समझाइश दी गई।

प्राचार्यों को दिए निर्देश

जिले के समस्त विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधान पाठकों को निर्देशित किया गया है कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन से विद्यालय आने की अनुमति न दें। यदि कोई छात्र-छात्रा वाहन चलाते पाया जाता है तो पहले उसे समझाइश दी जाए। अभियान के दौरान वाहन के साथ पाए गए छात्रों से ड्राइविंग लाइसेंस एवं हेलमेट के संबंध में पूछताछ की गई।

काउंसलिंग और वैधानिक कार्रवाई

पुलिस द्वारा जागरूकता के साथ-साथ सख्ती भी बरती जाएगी। नाबालिग छात्र-छात्राओं के वाहन चलाते हुए पाए जाने पर उनके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी। समझाइश के बाद भी सुधार न होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चलानी कार्रवाई एवं अन्य अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सरगुजा पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है, वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए नहीं दें। यह अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न स्कूलों में लगातार जारी रहेगा।

Categorized in: