अग्निशामक विभाग में 8 नियमित व सीनियर कर्मचारी हैं पदस्थ
अंबिकापुर। अग्निशमन इकाई अंबिकापुर में नियमित एवं सीनियर कर्मचारियों के रहते जिला अग्निशमन अधिकारी द्वारा गुलशन तिवारी फायरमैन (प्लेसमेंट कर्मचारी) को अग्निशमन इकाई अंबिकापुर का केन्द्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। अग्निशामक इकाई में 8 नियमित व सीनियर कर्मचारी पदस्थ हैं। नियमित व सीनियर कर्मचारियों के होते हुए प्लेसमेंट कर्मचारी को प्रभार देने से नियमित कर्मचारियों में नाराजगी है। नियमित कर्मचारियों का कहना है कि जिला अग्निशमन अधिकारी का आदेश शासन के गाइड लाइन के विरूद्ध है। नियमित कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि जिला अग्निशमन अधिकारी से संपर्क करने पर डराने, धमकाने वाले शब्दों का प्रयोग कर वापस भेज दिया जा रहा है। इस प्रकार के तानाशाह व्यवहार से नियमित कर्मचारियों के मान-सम्मान पर ठेस पहुंच रही है और इसे घोर निंदनीय आदेश की वे संज्ञा दे रहे है। अग्निशमन इकाई अबिकापुर के नियमित व सीनियर कर्मचारियों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि जिला अग्निशमन अधिकारी मौखिक व लिखित आदेश जारी कर साप्ताहिक अवकाश पर भी रोक लगा दिया है। साप्ताहिक अवकाश पर रोक लगाने से कर्मचारियों का कहना है कि हम अपने घरेलु निजी कार्यों की पूर्ति व परिवार को समय नहीं दे पा रहे हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। उपरोक्त कृत्य से हम समस्त कर्मचारियों में रोष है।
बयान
स्वास्थ्य खराब रहने के कारण अंजनी तिवारी को प्रभार से मुक्त किया गया है। नए प्रभारी के लिए मैंने नियमित व सीनियर कर्मचारियों से पूछा है, पर कोई प्रभार लेने को तैयार नहीं हुए। इस स्थिति में प्लेसमेंजट कर्मचारी गुलशन तिवारी को प्रभार सौंपा गया है। अगर नियमित व सीनियर कर्मचारी प्रभार लेना चाहते हैं तो बताएं, मैं आदेश जारी करदूंगा।
एसके कठुतिया, जिला अग्निशमन अधिकारी

Categorized in: