नगर पंचायत में मात्र एक लीकेज टैंकर के भरोसे चल रहा कार्य
बिश्रामपुर। नगर पंचायत बिश्रामपुर की गठन उपरांत यूं तो दस छोटे- बड़े टैंकरों की खरीदी की गई थी लेकिन वर्तमान स्थिति में महज एक क्षतिग्रस्त टैंकर के भरोसे ही काम चलाने विवश होना पड़ रहा है। अगर कभी कोई आपातकाल स्थिति निर्मित हो जाए तो टैंकर के अभाव में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ जाएगा। दर असल शासन के मंशानुरूप वर्ष 2003 में ग्राम पंचायत बिश्रामपुर का उन्नयन करके नगर पंचायत का दर्जा दिया गया था। इसके पश्चात यहां पर नगरीय सुविधा मुहैया कराए जाने के उद्देश्य से कई कार्य संपादित कराए गए थे। इसी तारतम्य में तत्कालीन नगर पंचायत प्रबंधन द्वारा 10 टैंकर की खरीदी की गई थी, जिसमें 7 नग केरियर टैंकर ढाई हजार लीटर वाली व 3 नग पांच हजार लीटर वाली टैंकर की खरीदी की गई थी। जिसमें उपयोग के बाद कंडम हो चुके 4 टैंकर स्क्रैप को वर्ष 2021 में नीलामी कर दिया गया था। इसके बाद बचे 3 पानी टैंकर का केरियर व हाइड्रोलीक खराब हो गया है और बचे एक टैंकर की टंकी को बदलने हेतु फैक्ट्री में दिया गया है। फिलहाल एक पानी टैंकर के भरोसे ही नगर पंचायत में व्यवस्था चलाई जा रही है और उसका भी टंकी लीकेज होने से आमजन को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर यहां पर किसी को पानी टैंकर की आवश्यकता आपात काल स्थिति में पड़ जाए तो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ जाएगा। वैसे नगर पंचायत प्रबंधन द्वारा पानी टैंकर के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 25-30 हजार रुपए की आमदनी हो जाती है। एक टैंकर के मरम्मत कार्य में नगर पंचायत प्रबंधन को करीब डेढ़ से दो लाख रुपए के खर्च उठाने पड़ जाते हैं। नगर पंचायत में पानी टैंकर के अभाव होने से आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ जाता है। नगर पंचायत के सीएमओ सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि एक पानी टैंकर को मरम्मत कार्य हेतु दिया गया है। उसके मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद दूसरे क्षतिग्रस्त टैंकर को मरम्मत कार्य हेतु दिया जाएगा। आमजन को कोई दिक्कत ना हो इसके नगर पंचायत प्रबंधन सदैव तत्पर रहता है। 
नहीं ले रहे बुकिंग
नगर पंचायत में पानी टैंकर की उचित उपलब्धता की वजह से इन दिनों पानी टैंकर की बुकिंग भी नहीं ली जा रही है। वैवाहिक कार्यक्रम के अलावे अन्य आयोजनों के लिए पानी टैंकर की बुकिंग कराते हैं लेकिन यहां पर उक्त सुविधा फिलहाल उपलब्ध ना होने से लोगों को बेवजह भटकने विवश होना पड़ रहा है। वर्तमान में एक लीकेज टैंकर उपलब्ध है लेकिन लोग उसकी बुकिंग कराना उचित नहीं समझते हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को मजबूरन सूरजपुर या अन्य स्थानों से टैंकर की व्यवस्था उपलब्ध कराना पड़ रहा है। 

Categorized in: