गणेश रोलिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर से 46 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में है शामिल

गिरिजा  ठाकुर
अंबिकापुर। कोयला के कारोबार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर षड्यंत्रपूर्वक करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी व गबन के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को बनारस उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लेन-देन के दस्तावेज व आरोपी के फर्म का रजिस्ट्रेशन जब्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक पंकज अग्रवाल पिता स्व. लक्ष्मीचंद्र अग्रवाल 42 वर्ष मेरिडियन टावर, नारायणी कांपलेक्स उदितनगर राउरकेला उड़ीसा के रहने वाले हैं, जो गणेश रोलिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। इनके द्वारा छड़ निर्माण कर ब्रोकर के माध्यम से विक्रय किया जाता है। बीते 16 मई 2023 को इन्होंने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था राहुल अग्रवाल, सुजीत जायसवाल एवं अन्य व्यक्तियों के द्वारा पूर्व में उनके फैक्ट्री में कोयला सप्लाई किया जाता था। छड़ के व्यवसाय के बीच इनसे जान-पहचान हुई। दो वर्ष पहले इन्होंने सिंगरौली मध्यप्रदेश से ऑक्शन में कोयला खरीद कर पार्टनरशिप में अच्छा मुनाफा का झांसा दिया एवं छड़ व्यवसाय में ब्रोकर बनकर ठगी करते हुए अलग-अलग किश्तों में कुल 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 420, 409, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने घटना में शामिल फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों के तलाश में लगी थी। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी सुजित जायसवाल के बनारस में लुक-छिप कर रहने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर घेराबंदी कर पकड़ी और पूछताछ की तो आरोपी सुजित जायसवाल पिता गोपाल दास जायसवाल 46 वर्ष निवासी गोधनपुर वसुंधरा बिहार रोड, वर्मा बाड़ी के सामने अंबिकापुर ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने गणेश रोलिंग मिल्स से लेन-देन में उपयोग किए गए लेजर स्टेटमेंट एवं आरोपी के फर्म मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स अंबिकापुर के रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रकरण मे शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक सोमार साय, सियाराम मरावी, आरक्षक मोती केरकेट्टा, कपिल देव, चित्रसेन प्रधान शामिल रहे।

Categorized in: