सहयोगी राजू खान के तलाश में पुलिस, कई लोगों को बना चुका है ठगी और कर्ज का शिकार

बैकुंठपुर/कोरिया। जिले में लोगों को उधारी देकर ज्यादा रकम वसूलने और ठगी करने के मामले में पुलिस ने कुख्यात सूदखोर इम्तियाज खान को जबलपुर से गिरफ्तार किया है। इसका एक सहयोगी राजू खान फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।


जानकारी के मुताबिक 15 जनवरी 2024 को बृजलाल पिता अदल साय निवासी सुभाष नगर ने थाना चरचा में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह बैकुंठपुर निवासी राजू खान से जरूरत पड़ने पर 20 हजार रुपये उधार लिया था, जिसके एवज में वह आधार कार्ड, पेन कार्ड, कोरा फॉर्म और चेक बुक में हस्ताक्षर कराकर रख लिया था। राजू खान उर्फ जमील, इम्तियाज खान एवं बुतु तीनों ने चेक तथा लोन स्वीकृत कराकर कुल 33 लाख 89 हजार रुपये उसके खाते से आहरण कर लिया है। रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 13/24 धारा 386, 294, 506, 34 भादवि, 04 कर्जा एक्ट एवं 3(2)(व्ही) एससी/एसटी एक्ट का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। इसी प्रकार 16 मई 2024 को उत्तम कुमार पिता करन साय निवासी कंचनपुर ने थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह राजू खान उर्फ जमील निवासी डबरीपारा से तबियत खराब होने पर 5 हजार रुपये ब्याज पर लिया था, जिसके जमानत के तौर पर उसने कोरा फॉर्म एवं चेक बुक में हस्ताक्षर करवाकर रख लिया था। कुछ समय बाद एक्सीडेंट हो जाने पर वह एसईसीएल की नौकरी से सेवानिवृत्ति ले लिया, इसके बाद उसके खाते में पीएफ की राशि 12 लाख 83 हजार रुपये आया, जिसमें से हस्ताक्षर करवाकर रखे हुए चेक के माध्यम से राजू खान और इम्तियाज खान ने 9 लाख 80 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। इनसे जब वह पूछताछ किया तो जातिसूचक, अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। रिपोर्ट पर थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 170/24 धारा 420, 294, 506, 323, 35 भादवि, 04 कर्जा एक्ट एवं 3 (2)(व्ही) एससी/एसटी एक्ट का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।

 

 दोनों प्रकरण के आरोपी इम्तियाज खान पिता शेराज अहमद 30 वर्ष, निवासी डबरीपारा बैकुंठपुर के वर्तमान में जबलपुर मध्य प्रदेश में रहने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार के द्वारा एक पुलिस टीम गठित कर जबलपुर रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी इम्तियाज खान को जबलपुर से पकड़कर बैकुंठपुर लाया गया। आरोपी इम्तियाज खान से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बैकुंठपुर के अपराध को अपने साथी राजू खान उर्फ जमील के साथ एवं थाना चरचा के अपराध को राजू खान उर्फ जमील एवं बुतु के साथ घटित करना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल बैकुण्ठपुर में दाखिल किया गया है। थाना चरचा वाले प्रकरण में बुतु की गिरफ्तारी पूर्व में कोरिया पुलिस द्वारा की जा चुकी है। उपरोक्त दोनों प्रकरणों के एक अन्य आरोपी राजू खान उर्फ जमील फरार है, जिसकी निरंतर पता तलाश में पुलिस लगी है। कोरिया पुलिस ने आरोपी के बारे में सुराग मिलने पर इसकी सूचना तत्काल जानकारी देने का आमजन से आग्रह किया है।

Categorized in: