जशपुर जिले के कुनकुरी की आशा को 12वीं बोर्ड की परीक्षा में प्रदेश में 5वां स्थान

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं का परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल को जारी कर दिया है। प्रदेश स्तर पर टॉप टेन में सरगुजा संभाग से जशपुर जिले के कुनकुरी की छात्रा आशा यादव ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया है। आशा इस समय बिलासपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रही हैं, आशा का सपना डॉक्टर बनकर गांवों में जरूरतमंद लोगों का मुफ्त इलाज करना है। परीक्षा में लड़कों की तुलना में लड़कियों का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। सरगुजा जिले में कक्षा 10वीं में 83.09 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, वहीं कक्षा 12 में 80.56 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। सूरजपुर जिले में कक्षा 10वीं में 82.75, कक्षा 12वीं में 86.46 व बलरामपुर में कक्षा 10वीं में 84.63 प्रतिशत व कक्षा 12वीं में 8429 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं।
कक्षा 10वीं में सरगुजा जिले में 7906 विद्यार्थी सफल हुए, जिसमें प्रथम श्रेणी से 4133, द्वितीय श्रेणी 3634 व तृतीय श्रेणी से 139 विद्यार्थी उतिर्ण हुए हैं। कक्षा 12वीं में 6397 विद्यार्थी सफल हुए हैं। जिसमें प्रथम श्रेणी 3491, द्वितीय श्रेणी 2792 व तृतीय श्रेणी से 114 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। कक्षा 10वीं में बलरामपुर जिले से 7686 परीक्षार्थी सफल हुए। प्रथम श्रेणी से 4510, द्वितीय श्रेणी से 2967 व तृतीय श्रेणी से 209 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। कक्षा 12वीं में बलरामपुर जिले से 5788 परीक्षार्थी सफल हुए, इनमें प्रथम श्रेणी से 3455, द्वितीय श्रेणी से 2253 व तृतीय श्रेणी से 80 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इसी तरह सूरजपुर में 8224 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिसमें प्रथम श्रेणी से 4466, द्वितीय श्रेणी से 3560 व तृतीय श्रेणी से 198 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। कक्षा 12वीं में सूरजपुर जिले से 6975 परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इनमें प्रथम श्रेणी से 4147, द्वितीय श्रेणी से 2724 व तृतीय श्रेणी से 103 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

आशीष केरकेट्टा 12वीं में टॉपर

कक्षा 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम में आशीष केरकेट्टा ने 94.40 प्रतिशत अंक के साथ सरगुजा जिले में टॉप किया है, वे शासकीय मल्टी परपज स्कूल के छात्र हैं। छात्र को जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने सम्मानित किया। वहीं कैलाश कुमार 94 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे व कोमल पटेल 93.80 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे, दोनों विद्यार्थी प्रयास आवासीय विद्यालय अंबिकापुर के हैं।

सरगुजा जिले से ज्योती को मेरिट में पहला स्थान
सरगुजा जिले की बात करें तो 10वीं में ज्योति साहू ने 97.33 प्रतिशत अंकों के साथ मेरिट लिस्ट में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है, वहीं वेदिका राजवाड़े 96 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। दोनों छात्राएं प्रयास आवासीय विद्यालय अंबिकापुर की हैं, जबकि तीसरे स्थान पर रही यामिनी गेंडले ने 95.83 प्रतिशत अंक हासिल किया है, जो स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल लखनपुर की छात्रा हंै।

सूरजपुर में बेटियों ने बढ़ाया मान
सूरजपुर में दोनों ही परीक्षाओं में बालिकाओं ने बालकों की तुलना में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 12वीं में जहां बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों से लगभग साढ़े पांच प्रतिशत अधिक रहा, वहीं 10वीं में यह अंतर लगभग सवा छह प्रतिशत का है। ये आंकड़े जिले में बेटियों की शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और उनकी मेहनत का जीवंत प्रमाण हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं कक्षा के परिणाम में लगभग 14 प्रतिशत एवं 10वीं के परिणाम में लगभग 11 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो जिले की शैक्षणिक प्रगति का प्रमाण है।

बलरामपुर जिले से आर्यन कक्षा 10वीं में व प्रतिभा 12वीं में टॉपर
बलरामपुर जिले के कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणम में आर्यन गुप्ता 97 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉप किया है। वह शासकीय हाई स्कूल जामवंतपुर का छात्र है। वहीं आराधना पटेल 96.83 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त की है, जो नेशनल पब्लिक स्कूल रजखेता की छात्रा है। रोशनी कांशी 96 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहीं हैं, वे शासकीय हाई स्कूल रघुनाथनगर की छात्रा है।
कक्षा 12वीं में बलरामपुर जिले के प्रतिभा गुप्ता व स्नेहा कुशवाहा 94.80 प्रतिशत अंक के साथ जिले में टॉप की हैं। प्रतिभा गुप्ता शासकीय हाई स्कूल करमडीहा की छात्रा है। स्नेहा कुशवाहा शासकीय हाई स्कूल जामवंतपुर की है। दूसरे स्थान पर शासीकय हाई स्कूल सनावल के छात्र सोनू 94.20 प्रतिशत अंक हासिल किया है।

तातापानी कन्या विद्यालय ने रचा इतिहास, बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तातापानी ने बीते कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय के नियमित प्राचार्य शिव प्रसाद रवि के कुशल नेतृत्व और प्रबंधन का यह परिणाम माना जा रहा है।
10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 57 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 37 छात्राएं प्रथम श्रेणी एवं 20 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। रिमी गुप्ता ने 88.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत रहा। 12वीं बोर्ड परीक्षा में 42 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 30 छात्राएं प्रथम श्रेणी एवं 10 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। केवल एक छात्रा अनुत्तीर्ण और एक छात्रा को पूरक की पात्रता मिली। 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95.2 प्रतिशत रहा। इस कक्षा में अपर्णा मंडल ने 85.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य, शिक्षकों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

मजदूरी करके 10वीं में अर्जित किया 88′ अंक, बालपन में हुआ पिता का निधन

रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम नवाडीह से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। किंडर गारटेन पब्लिक स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र श्याम लाल यादव ने पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी करते हुए 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। श्याम लाल के जीवन में संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था। जब वह मात्र तीन वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। समय के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां कम उम्र में ही उनके कंधों पर आ गईं, जिसके कारण उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करनी पड़ी।

हर्ष जायसवाल ने किया क्षेत्र का नाम रौशन

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत के छात्र हर्ष जायसवाल ने सीजीबीएसई के इम्तिहान में 94′ अंक हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्र प्रयास रेसीडेंटल ब्वॉय स्कूल रायपुर छत्तीसगढ़ में अध्ययनरत था। उन्होंने अपने इस सफलता के लिए गुरुजन एवं माता-पिता को श्रेय दिया है। छात्र के शानदार सफलता से पूरे लखनपुर में हर्ष का माहौल है। हर्ष जयसवाल पिता संतोष जायसवाल, माता साधना जायसवाल के पुत्र हैं।

 

Categorized in: