अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हंसुली में एक नवविवाहिता की अग्निस्नान से मौत हो गई। मृतिका के पिता ने बेटी को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतिका के शव का न्यायिक अधिकारी के मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया है।

जानकारी के मुताबिक मृतिका हिमांशी 21 वर्ष मूलत: चंदरपुर, चलगली की रहने वाली थी। युवती के पिता बहोरन का कहना है कि वर्ष 2023 में उसका ग्राम हंसुली के रामलाल बरगाह से परिचय हुआ था, और वह हिमांशी को भगाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। आरोप है कि रामलाल उनकी पुत्री के साथ शराब पीने के बाद आए दिन मारपीट करते रहता था, इसकी जानकारी बीच-बीच में घर आने पर हिमांशी देती थी। होली के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि पति ने ही डीजल डालकर उनकी बेटी को आग के हवाले किया है। मृतिका के पति रामलाल का कहना है कि घर में ट्रेक्टर के उपयोग के लिए वह पांच लीटर डीजल रखा था। घटना दिनांक पांच मार्च को वह गांव में होली खेलने के लिए गया था। इस दौरान उसे गांव के लोगों से पता चला कि उसकी पत्नी खुद को आग के हवाले कर ली है। जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी काफी जल गई थी। आग बुझाकर वे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नवविवाहिता के मौत की जानकारी अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी ने कोतवाली थाना में दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई करेगी।

Categorized in: