सूरजपुर। जिले के नए कलेक्टर आईएएस रोहित व्यास ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया श्री व्यास जिले के 9 वें कलेक्टर होंगे। पदभार संभालते ही कलेक्टर ने जिला संयुक्त कार्यालय के सभा कक्ष में  जिले के विभाग प्रमुख व संबंधित अन्य अधिकारियों से परिचय किया। इसके साथ ही उन्होंने आशा जताई कि जिले का पूरा प्रशासनिक अमला बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले को विकास की नई दिशा देगा।उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी प्रशासनिक सेवक है और प्रशासनिक सेवक होने के नाते लोगों की समस्याओं का समाधान करना और लोकहित व जनहित में कार्य करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके पूर्व कलेक्टर रोहित व्यास के पास जिला दुर्ग में आयुक्त नगर पालिका निगम भिलाई व अपर कलेक्टर (अतिरिक्त प्रभार) का पद था।
0आज होगा मतदाता सूची का प्रकाशन
पदभार ग्रहण करते ही कलेक्टर रोहित व्यास ने मीडिया कर्मियों से निर्वाचन से संबंधित जानकारियां साझा की। बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2024 के संबंध में पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की गई है। 01 जनवरी के संबंध में  06 जनवरी, को मतदाता सूची का प्रांरमिक प्रकाशन जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केन्द्रों में किया जायेगा।  मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किये जाने के उपरांत 06  से 22 जनवरी तक दावा आपत्ति सभी मतदान केंद्रों में प्राप्त की जायेगी। दावा आपत्ति प्राप्त करने की अवधि के दौरान दिनांक 13  एवं 14 जनवरी को मतदान केन्द्र स्तर पर विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा। 6 से 22 जनवरी तक प्राप्त दावा आपत्ति का 02 फरवरी तक निराकरण किया जाना है। आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 08 फरवरी को किया जायेगा।बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और प्रपत्रों के निष्पादन आदि के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही मतदाता सूची  का प्रदर्शन व शुद्ध बनाने के लिए उठाये जा रहे कदमो से भी उपस्थित जनों को अवगत कराया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रियंका वर्मा व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Categorized in: